
नर्मदापुरम / जिले के पिपरिया के समीप भोखेडीखुर्द गाँव जाने वाला मार्ग कई महीनों से जर्जर हाल था। रोड पर क़दम कदम पर बड़े बड़े गड्ढे हो गए थे। हालत यह थी कि यहां चलना भी दूभर हो गया था। ऐसे में यहां स्थित समेरिटन्स आईसीएसई विद्यालय के बच्चों और करीब एक दर्जन गांवों के लोगों को काफी परेशानी हो रही थी। बच्चों के समस्या और उनकी सुरक्षा को देखते हुए विद्यालय संचालन समिति निर्णय करते हुए स्वयं के करीब 80 हजार रुपये की लागत से मार्ग की मरम्मत कर दी। अब वाहन आसानी से निकल सकेंगे और बच्चों को परेशानी नहीं होगी।
जानकारी के अनुसार मुख्य मार्ग से भोखेड़ी जाने वाला मार्ग लम्बे समय से जर्जर हो चुका था। इस मार्ग के निर्माण के लिए विद्यालय प्रबंधन समिति समेत आम नागरिकों और ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के सामने इस समस्या को रखा। सड़क की मरम्मत या निर्माण कराने के लिए आवेदन भी दिए गए, लेकिन कोई कार्य नहीं किया गया। ग्रामीणों ने बताया कि मार्ग खराब होने के कारण यहां आए दिन हादसे होते रहते थे और स्कूली वाहनों से आने जाने वाले बच्चों को भी परेशानी होती थी। इस सम्बन्ध में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को भी अवगत कराया गया, लेकिन कोई सार्थक परिणाम नहीं निकला।
इस संबंध में समेरिटन्स विद्यालय प्रबंधन समिति द्वारा भी कई बार संबंधित विभाग सहित प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को जानकारी देकर बच्चों की सुरक्षा की दृष्टि से मार्ग की मरम्मत कराए जाने के संबंध में निवेदन किया, लेकिन इसके बावजूद भी मार्ग की मरम्मत नहीं हुई।
स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखकर विद्यालय प्रबंधन समिति द्वारा यह निर्णय किया गया कि इस कार्य की मरम्मत यदि शासकीय विभाग नहीं कर रहा है तो हमें स्वयं करनी चाहिए क्योंकि बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सर्वोपरि है। इसी बात को ध्यान में रखकर बुधवार को विद्यालय प्रबंधन समिति ने स्वयं के खर्चे से इस मार्ग की मरम्मत का कार्य किया गया। इस मार्ग पर बसुआ और गिट्टी डलवाने के बाद रोलर से उसको लेवल भी कर दिया गया। अब यहां से सभी वाहन बिना किसी परेशानी के निकाल सकेंगे।
भारी वाहनों की आवाज आई अधिक….
ज्ञात रहे कि इस रोड पर कई वेयरहाउस भी बने हुए हैं। इस कारण रोड पर भारी वाहनों की आवाजाही हमेशा बनी रहती है। इसके कारण नहीं यह मार्ग लंबे समय से ही जर्जर था। समेरिटर्न विद्यालय प्रबंधन समिति ने शासकीय विभाग के अधिकारियों से अपील किया कि वह ग्रामीण और बच्चों की समस्या को ध्यान में रखते हुए इस मार्ग का निर्माण शीघ्र कारण ताकि कोई परेशानी ना हो।

