
नर्मदापुरम /शासकीय गृहविज्ञान अग्रणी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्राचार्य डॉ. संगीता अहिरवार के मार्गदर्शन में ’एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत इको क्लब, राष्ट्रीय सेवा योजना, राष्ट्रीय कैडेट कोर के संयुक्त तत्वावधान में सीड बॉल वितरण एवं पर्यावरण संरक्षण शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. संगीता अहिरवार ने कहा कि एक पेड़ माँ के नाम अभियान केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता का संदेश देने वाला जन-अभियान है। आज बोया गया प्रत्येक बीज भविष्य में एक विशाल वृक्ष बनकर पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। हम सभी का दायित्व है कि पौधे लगाने के साथ-साथ उनका संरक्षण भी करें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं हरित पर्यावरण मिल सके। कार्यक्रम के दौरान सभी छात्राओं एवं प्राध्यापकों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेकर अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी सुरक्षा एवं प्रकृति संरक्षण के लिए सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
इको क्लब प्रभारी डाॅ. वैशाली लाल ने बताया कि महाविद्यालय परिसर एवं आसपास के हरित क्षेत्रों में वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए सीड बॉल डाली गईं, जिससे प्राकृतिक रूप से अधिक से अधिक पौधों का अंकुरण हो सके तथा हरित आवरण में वृद्धि हो। इस अवसर पर छात्राओं को सीड बॉल के महत्व एवं उससे होने वाले पर्यावरणीय लाभों की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि सीड बॉल के माध्यम से कम संसाधनों में अधिक से अधिक पौधों का संवर्धन संभव है, जिससे वायु शुद्धिकरण, तापमान नियंत्रण, जैव विविधता का संरक्षण, मृदा संरक्षण तथा भूजल स्तर में वृद्धि जैसे अनेक सकारात्मक परिणाम प्राप्त होते हैं।
कार्यक्रम में वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. भारती दुबे, डाॅ. रश्मि श्रीवास्तव, डॉ. रागिनी सिकरवार, एनसीसी अधिकारी मनीषा बाघमारे, राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी सुश्री काजल बाथरे एवं सुश्री पूजा गोस्वामी, डॉ. मनीषा तिवारी, डाॅ. वंदना मगरदे, डॉ. विजया देवासकर, डॉ. मनीष चंद्र चैधरी, प्रदीप सिंह चैहान सहित महाविद्यालय की छात्राएँ उपस्थित रहीं।

