
सिवनी मालवा / टैगोर पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल के पूर्व छात्र एवं मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग (MPL) के क्रिकेट खिलाड़ी गौतम रघुवंशी अपने बचपन की यादों को ताजा करने के लिए विद्यालय पहुंचे। विद्यालय परिवार ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर संस्था के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने करतल ध्वनि के साथ उनका अभिनंदन किया तथा पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
बचपन की यादों के साथ साझा किए सफलता के अनुभव….
विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान गौतम रघुवंशी ने अपने छात्र जीवन की स्मृतियों को साझा करते हुए बताया कि इसी विद्यालय से उन्हें शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली। उन्होंने विद्यालय के खेल मैदान से लेकर रणजी ट्रॉफी एवं मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग तक के अपने सफर के अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा किए।
विद्यार्थियों को दिए प्रेरणादायी विचार…..
अपने संबोधन में गौतम रघुवंशी ने कहा, “सफलता किसी एक दिन में नहीं मिलती, बल्कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और धैर्य का परिणाम होती है। यदि आपका लक्ष्य स्पष्ट है और आप पूरी निष्ठा से उसके लिए प्रयास करते हैं, तो कोई भी मंजिल दूर नहीं रहती। असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। शिक्षा और खेल दोनों जीवन को बेहतर दिशा देने वाले महत्वपूर्ण माध्यम हैं।”
उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अभ्यास करने, समय का सदुपयोग करने, अपने शिक्षकों का सम्मान करने तथा बड़े सपने देखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि छोटे शहरों के विद्यार्थी भी अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकते हैं।
विद्यालय परिवार ने जताया गर्व…..
विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने गौतम रघुवंशी की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनके जैसे पूर्व छात्र वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने उनसे संवाद किया और उनके उज्ज्वल खेल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

