
नर्मदापुरम / क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार एवं यात्रियों की सहूलियत को लेकर राज्यसभा सांसद माया नारोलिया ने संसद भवन परिसर में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भेंट की। इस दौरान उन्होंने नर्मदापुरम अंचल सहित मध्य प्रदेश की विभिन्न रेल विकास परियोजनाओं, अधोसंरचनात्मक विकास और यात्री सुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
मुलाकात के दौरान सांसद नारोलिया ने क्षेत्रवासियों एवं सिंधी पंचायत, नर्मदापुरम की बहुप्रतीक्षित मांग को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने सिंधी पंचायत द्वारा प्रस्तुत मांग पत्र का संदर्भ देते हुए ट्रेन संख्या 20845/46 (बीकानेर-बिलासपुर एक्सप्रेस) का नर्मदापुरम रेलवे स्टेशन पर ठहराव (स्टॉपेज) स्वीकृत करने का विशेष आग्रह किया। बीकानेर-बिलासपुर एक्सप्रेस का ठहराव मिलने से इस रूट पर नागरिकों को निरंतर और सुगम रेल यात्रा का लाभ मिलेगा। इसके साथ ही मध्यभारत के सबसे बड़े रेलवे जंक्शन इटारसी में संचालित अवैध वेंडरिंग ओर हो रही असामाजिक आपराधिक गतिविधियों से अवगत कराया,एवं समुचित दिशा निर्देष प्रदान करने का आग्रह किया।
इसके साथ ही, ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के अंतर्गत नर्मदापुरम अंचल के रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण, कायाकल्प और जन-सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर भी गहन विचार-विमर्श हुआ।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद द्वारा प्रस्तुत सभी विषयों को संवेदनशीलता व तत्परता से सुनते हुए जनहित से जुड़ी इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया।

