
नर्मदापुरम / दिनांक 19/07/2026 को रात्रि लगभग 11:00 बजे भोपाल तिराहे स्थित बटेश्वर हनुमान मंदिर के सामने एक अज्ञात वाहन द्वारा गौ माता को टक्कर मार दी गई। घटना की जानकारी मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल राष्ट्रीय बजरंग दल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को दी।
संगठन के पदाधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे, किंतु तब तक गौ माता ने प्राण त्याग दिए थे। इस दुखद घटना से क्षेत्रवासियों एवं गौ-भक्तों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया। राष्ट्रीय बजरंग दल के पदाधिकारियों ने उपस्थित नागरिकों को आश्वस्त किया कि दोषी वाहन चालक के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी।
इसी क्रम में आज दिनांक 20/07/2026 को राष्ट्रीय बजरंग दल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सिटी कोतवाली, नर्मदापुरम पहुंचकर थाना प्रभारी गौरव बुन्देला को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से अज्ञात वाहन चालक की शीघ्र पहचान कर उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई।
राष्ट्रीय बजरंग दल ने प्रशासन से मांग की है कि गौ माता के प्रति इस प्रकार की लापरवाही एवं अपराध करने वाले दोषियों के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे समाज में कानून के प्रति विश्वास बना रहे तथा गौवंश की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

