
नर्मदापुरम / स्थानीय नर्मदा महाविद्यालय रोड पर उद्यानिकी विभाग के सामने और टायर दुकान के समीप मुख्य सड़क पर किया गया अवैध अतिक्रमण आम जनता और राहगीरों के लिए बड़ी मुसीबत बन चुका है। सड़क के ठीक किनारे भारी मात्रा में ईंटें और अन्य सामग्रियां इकट्ठा कर दिए जाने के कारण इस व्यस्त मार्ग की चौड़ाई बेहद कम हो गई है, जिससे यहाँ आए दिन जाम की स्थिति निर्मित हो रही है।
यातायात बाधित, दुर्घटनाओं का अंदेशा…..
स्थानीय निवासियों और राहगीरों का कहना है कि सड़क पर रखी इस निर्माण सामग्री के कारण वाहनों को निकलने में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ता है। व्यस्त समय में यहाँ स्थिति और भी बदतर हो जाती है, जिसके चलते लगातार यातायात अवरुद्ध हो रहा है। सड़क संकरी होने के कारण पैदल चलने वालों और वाहन चालकों के बीच अक्सर विवाद की स्थिति भी बनती है, जिससे यहां किसी भी दिन बड़ी दुर्घटना होने का अंदेशा बना हुआ है।
शिकायतों के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई…..
क्षेत्रीय नागरिकों ने रोष व्यक्त करते हुए बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार पुलिस प्रशासन और यातायात विभाग को अवगत कराया जा चुका है। बार-बार ध्यान आकर्षित करने के बावजूद अब तक जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हैं। सड़क बाधित होने से परेशान आस-पास के दुकानदारों और नागरिकों ने जिला प्रशासन, नगर पालिका और यातायात पुलिस से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए इस मार्ग से तुरंत अतिक्रमण हटाया जाए और सड़क को सुचारू कर यातायात व्यवस्था को बहाल किया जाए।

