


नर्मदापुरम / कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय, नर्मदापुरम का निरीक्षण कर कार्यालयीन व्यवस्थाओं एवं परिवहन विभाग के अंतर्गत संचालित गतिविधियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभागीय कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए अधिकारियों को पारदर्शी एवं समयबद्ध कार्यप्रणाली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री मिश्रा ने क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी प्रमोद कापसे को निर्देशित किया कि परिवहन विभाग से संबंधित सभी सेवाएं, जैसे लाइसेंस का नवीनीकरण, नवीन ड्राइविंग लाइसेंस जारी करना, परमिट रिन्यूअल, वाहन पंजीयन सहित अन्य समस्त कार्य विभाग द्वारा निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से ही किए जाएं।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी परिस्थिति में ऐसे कार्य ऑफलाइन माध्यम से नहीं किए जाएं तथा पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं सुगमता सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने कार्यालय परिसर का भ्रमण कर साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव तथा कार्यालय में आवश्यक सुधारात्मक कार्य शीघ्र कराए जाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालय में आने वाले नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने परिवहन संबंधी कार्यों के लिए कार्यालय पहुंचे उपभोक्ताओं से भी चर्चा कर उन्हें मिलने वाली सेवाओं एवं सुविधाओं की जानकारी ली तथा उनकी समस्याओं और सुझावों को भी सुना। निरीक्षण के दौरान एसडीएम नर्मदापुरम श्री देवेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

