
सिवनी मालवा / आयुक्त नगरीय प्रशासन के निर्देश पर भोपाल से कार्यपालन यंत्री सचिन कडू, सहायक यंत्री विनोद त्रिपाठी और उपयंत्री द्वारा नगर पालिका परिषद सिवनी मालवा में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जय स्तंभ चौक पर बन रही अंडरग्राउंड मल्टी पार्किंग, 228 प्रधानमंत्री आवास मल्टी, लोवशी धर्मशाला से शिवपुर रोड तक 1 किलोमीटर लंबा नाला, नगर पालिका नवीन भवन, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, कायाकल्प, अमृत योजना और मुख्यमंत्री यादव संरचना सहित नगर पालिका निधि से चल रहे सभी कार्यों का जायजा लिया।
निरीक्षण में दिए गए निर्देश—–
1. गुणवत्ता और गति: सभी ठेकेदारों को कार्य में तेजी लाकर गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने के निर्देश दिए। लापरवाही पर नियम अनुसार पेनल्टी वसूलने की चेतावनी दी गई।
2. अमृत योजना: ठेकेदार को अंतिम नोटिस/वार्निंग देते हुए 8 दिन के अंदर दोनों पानी की टंकी और नल-जल लाइन को व्यवस्थित कर पूर्ण करने को कहा। अन्यथा टेंडर निरस्त कर वसूली कर पुनः निविदा आमंत्रित की जाएगी।
3. प्रधानमंत्री आवास: 228 आवास मल्टी का शेष कार्य शीघ्र पूर्ण कर हितग्राहियों को आवंटन की कार्रवाई तेज करने के निर्देश। आवासीय परिसर के शेष काम 15 अगस्त तक पूरा करने को कहा।
4. पार्क और पर्यावरण: नगर में निर्मित नए-पुराने सभी पार्कों की प्रशंसा की। पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण, जिम, वॉकवे और शक्ति घाट पर स्टॉप डैम व तालाब के कार्यों के संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए।
आयुक्त के संभावित प्रवास की तैयारी……
अधिकारियों ने नगर पालिका द्वारा किए जा रहे कार्यों और नए नवाचारों की सराहना की। आयुक्त को सभी नवाचारों से अवगत कराकर उनका एक प्रवास कार्यक्रम सिवनी मालवा में आयोजित करने की तैयारी शुरू करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर ठेकेदार, नगर पालिका अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

