
नर्मदापुरम / जिले में चाकूबाज़ी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। इटारसी के बाद अब जिला मुख्यालय नर्मदापुरम में भी चाकू बाजी की घटना सामने आई है। कोतवाली थाना अंतर्गत राजू टी स्टाल के सामने अमर चौक पर प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करने वाले अरमान खान निवासी जुमेराती रात 9 बजे दोस्त अल्फेज के साथ चाय पी रहे थे। वहां खड़े शेख इमरान उर्फ रानू निवासी फूटा कुंआ ने शराब पीने के लिए 1 हजार रुपए मांगे। अरमान के मना करने पर आरोपी गाली-गलौज करने लगा और जेब से चाकू निकालकर हमला कर दिया। ज्ञात हो कि कोतवाली थाने से महज 300 मीटर की दूरी पर शहर के बीच बाजार क्षेत्र अमर चौक पर हुई इस घटना से मौके पर दहशत का माहौल निर्मित हो गया। खून से लथपथ हालत में घायल अरमान को अस्पताल ले जाया गया जहां उसका उपचार जारी है। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने फरियादी अरमान खान की रिपोर्ट पर आरोपी शेख़ इमरान के विरुद्ध मामला दर्ज कर कारवाई की है।

