
नर्मदापुरम / मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत 19 जुलाई 2026 को हरिद्वार-ऋषिकेश के लिए आयोजित होने वाली तीर्थ यात्रा हेतु नर्मदापुरम जिले से 260 तीर्थयात्रियों का चयन कंप्यूटरीकृत लॉटरी के माध्यम से किया गया है। उपसंचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण डॉ. बबीता राठौर ने जिले के सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों (सीईओ) एवं नगर पालिकाओं के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों (सीएमओ) को निर्देश जारी किए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्र के चयनित हितग्राहियों को यात्रा संबंधी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं।
साथ ही उन्हें यात्रा के दौरान उपयोग में आने वाली आवश्यक सामग्री एवं दिशा-निर्देशों से भी अवगत कराया जाए। निर्देशानुसार सभी चयनित तीर्थयात्रियों को यात्रा के दिन कल 19 जुलाई 2026 को प्रातः 10 बजे पंडित भवानी प्रसाद मिश्र ऑडिटोरियम, इटारसी में उपस्थित होने के लिए सूचित किया जाए, जहां से यात्रा हेतु टिकिट वितरण किया जाकर उन्हें तीर्थ यात्रा के लिए रवाना किया जाएगा।

