

नर्मदापुरम / अखिल भारत हिन्दू महासभा, मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिला अध्यक्ष उमेश कुमार चौधरी के नेतृत्व में नर्मदापुरम में संगठन की एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष सुश्री अरुणा पारे विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
बैठक को संबोधित करते हुए सुश्री अरुणा पारे ने संगठन की विचारधारा, रीति-नीति एवं उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने उपस्थित महिलाओं एवं कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान करते हुए उन्हें उनके संवैधानिक एवं सामाजिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा समाजहित एवं राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर संगठन विस्तार के उद्देश्य से नर्मदापुरम निवासी श्रीमती ममता बस्तरबार को अखिल भारत हिन्दू महासभा नर्मदापुरम महिला मोर्चा का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया। जिला अध्यक्ष उमेश कुमार चौधरी ने उन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान करते हुए आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में महिला मोर्चा जिलेभर में सशक्त होगा तथा अधिक से अधिक मातृशक्ति संगठन से जुड़ेगी।
बैठक में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं संगठन के पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। अंत में सभी ने हिन्दू समाज के उत्थान, संगठन के विस्तार एवं राष्ट्रहित के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

