
सिवनी मालवा / शहर के शिवराज पार्क की बदहाल स्थिति, गंदगी और अव्यवस्थाओं को लेकर मंगलवार को नगर कांग्रेस ने जनसुनवाई में एसडीएम विजय राय को ज्ञापन सौंपकर जिला कलेक्टर, नर्मदापुरम के नाम तत्काल कार्रवाई की मांग की।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष सुदेश शर्मा ने आरोप लगाया कि लंबे समय से पार्क का समुचित रखरखाव नहीं होने के कारण यह जंगली घास और झाड़ियों से भर गया है तथा जंगली जीवों का अड्डा बनता जा रहा है, जिससे यहां आने वाले नागरिकों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है।
पार्षद प्रतिनिधि दीपक दीक्षित ने बताया कि शिवराज पार्क में प्रतिदिन सुबह-शाम बड़ी संख्या में बच्चे, महिलाएं, युवा एवं वरिष्ठ नागरिक भ्रमण और व्यायाम के लिए आते हैं। लेकिन नगर पालिका की लापरवाही के कारण पार्क में घास, कांस और जंगली वनस्पतियां अत्यधिक बढ़ गई हैं। उन्होंने कहा कि कुछ माह पूर्व पार्क में लगभग 5 से 6 फीट लंबा सांप निकला था, जिसे सर्प मित्र की सहायता से सुरक्षित पकड़ा गया था। इसके बावजूद नगर पालिका द्वारा सफाई, झाड़ियों की कटाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
दीपक दीक्षित ने कहा कि नगर पालिका अध्यक्ष और मुख्य नगर पालिका अधिकारी निर्माण कार्यों पर अधिक ध्यान दे रहे हैं, जबकि नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते पार्क की साफ-सफाई और रखरखाव नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
उन्होंने यह भी बताया कि पार्क का फव्वारा कई महीनों से बंद पड़ा है, जिसमें गंदा एवं रुका हुआ पानी जमा होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है और डेंगू तथा मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बना हुआ है। इसके अलावा पार्क में बड़ी संख्या में चमगादड़ों के बसेरा करने से उनके मल-मूत्र के कारण दुर्गंध फैल रही है, जिससे आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वर्षों से बंद पड़े जनरेटर को भी शीघ्र सुधारकर पुनः चालू कराने की मांग की गई।
दीपक दीक्षित ने पार्क में नियमित सफाई, निंदाई, घास एवं झाड़ियों की कटाई-छंटाई तथा समुचित रखरखाव सुनिश्चित करने की मांग की। इस दौरान वरिष्ठ नागरिक एस.सी. अग्रवाल, गगन गौर एवं महेश रघुवंशी सहित कई लोगों ने भी पार्क की गंदगी और दुर्गंध पर चिंता व्यक्त की।
ज्ञापन के माध्यम से दीपक दीक्षित ने एसडीएम विजय राय से मुख्य नगर पालिका अधिकारी अमर सिंह उईके को हटाने की भी मांग की तथा जनहित में शिवराज पार्क की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार कराने का अनुरोध किया।
एसडीएम विजय राय ने पूरे मामले को गंभीरता से सुनते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी अमर सिंह उईके को पार्क की सभी समस्याओं का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी पार्क का निरीक्षण करेंगे।
नगर कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही पार्क की सभी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो गांधी चौक पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
एसडीएम के निर्देश के बाद तत्काल हुई कार्रवाई….
एसडीएम विजय राय के निर्देश मिलते ही मुख्य नगर पालिका अधिकारी अमर सिंह उईके शिवराज पार्क पहुंचे और पार्क में उगी घास, कांस एवं झाड़ियों की कटाई-छंटाई तथा साफ-सफाई का कार्य तत्काल शुरू कराया। साथ ही पार्क की अन्य समस्याओं का भी निरीक्षण किया।
इस त्वरित कार्रवाई पर पार्षद प्रतिनिधि दीपक दीक्षित ने एसडीएम विजय राय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि प्रशासन इसी तरह जनसमस्याओं पर तत्परता से कार्रवाई करता रहा, तो सिवनी मालवा को शीघ्र ही समस्यामुक्त शहर बनाया जा सकता है।

