
नर्मदापुरम / भारतीय किसान संघ का अनिश्चितकालीन आंदोलन का आज दसवां दिन है, लगभग 230 घंटे से ज्यादा इस आंदोलन को गुजर चुके हैं, लेकिन शासन ने किसी प्रकार की कोई सुनवाई किसी की नहीं की, अब भारतीय किसान संघ द्वारा उग्र आंदोलन करने की चेतावनी लगातार दी जा रही है । भारतीय किसान संघ की तहसील स्तरीय कार्यकर्ता प्रतिदिन धरना स्थल पर बैठकर अलग-अलग कार्यक्रम कर रहे हैं। जिसमें सरकार की सद्बुद्धि के लिए यज्ञ, भिक्षा वृत्ति की मांग, थाली बजाना, जल सत्याग्रह, भजन कीर्तन एवं अर्ध-नग्न प्रदर्शन, जैसी गतिविधियां भारतीय किसान संघ के आंदोलन में लगातार जारी है, इसके बावजूद सरकार ने किसानों की कोई सुनवाई नहीं की एवं शत् प्रतिशत मूंग खरीदी की घोषणा नहीं की गई
अब कल करेंगे कमिश्नर कार्यालय का घेराव….
भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष ओमकार राजपूत नें बताया जिला नर्मदा पुरम जिला हरदा एवं जिला बैतूल द्वारा कल दिनांक 16 जुलाई 2026 को प्रातः 11:00 बजे से संभागीय स्तरीय आंदोलन का आह्वान किया गया है जिसमें तीनों जिले के कार्यकर्ता कमिश्नर कार्यालय का घेराव करेंगे ।
किसानों से आनें का आह्वान किया…..
भारतीय किसान संघ के संभागीय अध्यक्ष विनोद पाटिल ने बताया कि भारतीय किसान संघ द्वारा कल संभाग स्तरीय आंदोलन का आगाज किया जा रहा है। जिसमें तीनों जिले के कार्यकर्ताओं एवं किसानों से आग्रह किया कि अधिक से अधिक संख्या में पीपल चौक नर्मदापुरम पहुँचकर किसान हितेषी आंदोलन को सफल बनाएं ।

