सेमरी हरचंद मंडी में पहुंचकर जताया विरोध, जमकर की नारेबाजी
दयाराम फौजदार रिपोर्टर राज एक्सप्रेस नर्मदापुरम।
राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के तत्वाधान में घेरा डालो ताला डालो आंदोलन के चलते बुधवार को सेमरी हरचंद मंडी में ताला डालकर विरोध जताया। इस मौके पर भारी संख्या में किसान मौजूद थे और जमकर नारेबाजी की। सेमरी हरचंद मंडी में राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ विकासखंड सोहागपुर द्वारा घेरा डालो ताला डालो आंदोलन के अंतर्गत सुबह 7 बजे से गेट बंद कर ताला डाला। इस दौरान भारी तादाद में किसान मौजूद थे। किसानों का कहना है कि सरकार सौ फीसदी मूंग खरीदे। इसके साथ ही ई टोकन खाद वितरण व्यवस्था को बंद किया जाए। किसानों को खेतों के लिए 10 घंटे रेगुलर बिजली मिले। इस दौरान किसानों ने कहा कि सरकार जल्द ही मांग पूरी नहीं करती तो आंदोलन तीव्र किया जाएगा। इस दौरान राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के प्रदेश मंत्री रमाकांत मीणा, संभाग उपाध्यक्ष केसरी सिंह पटेल, ब्लॉक अध्यक्ष सतीश रघुवंशी उपस्थित रहे। इस मौके पर केसरी सिंह पटेल ने कहा कि प्रदेश भर में घेरा डालो मंडी में ताला डालो आंदोलन के अंतर्गत सेमरी हरचंद मंडी के गेट बंद करके एक दिन का विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है । सरकार किसानों की बात नहीं मानेगी तो आंदोलन निरंतर चलता रहेगा। भारत अमेरिका ट्रेड डील पर रमाकांत मीणा ने इसे किसान विरोधी बताया जिससे आने वाले समय में भारत के किसानों को भारी आर्थिक संकट से गुजरना पड़ेगा।

