जनसुनवाई में कलेक्टर ने कहा लोगों की समस्याओं को करें हल
जनसुनवाई में एसपी बोले प्रकरणों में तत्काल जांच कर हो निपटारा
दयाराम फौजदार रिपोर्टर राज एक्सप्रेस नर्मदापुरम।
शहर में मंगलवार को कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई का आयोजन हुआ। इस दौरान कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने अधिकारियों से कहा कि वे समस्या के प्रति संवेदनशीलता रखें और उनका जल्दी निराकरण करें। अधिकारी समस्या सुनें और उनका निराकरण करें। वहीं पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एसपी साईं कृष्णा ने जनसुनवाई में थाना प्रभारी और एसडीओपी को लोगों की समस्या हल करने की कड़े निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, अवैध कब्जा, सीमांकन, प्रधानमंत्री आवास योजना, शिक्षा, रोजगार, बिजली, पानी सहित विभिन्न विभागों से संबंधित 152 शिकायतें प्राप्त हुईं। अधिकांश समस्याओं का निराकरण कलेक्टर द्वारा मौके पर ही किया गया। कलेक्टर श्री मिश्रा ने सभी अधिकारियों को जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का निराकरण एक सप्ताह के भीतर करते हुए शिकायतों के संबंध में अद्यतन स्थिति की जानकारी प्रस्तुत किए जाने के निर्देश भी दिये। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं को जल्द हल करें।
पुलिस अधीक्षक को बताई पारिवारिक विवाद, संपत्ति, धोखाधड़ी की शिकायतें
वहीं इधर पुलिस अधीक्षक द्वारा साप्ताहिक जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान आमजन की शिकायतों का निराकरण किया गया। पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में साप्ताहिक जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं साझा कीं और उनके निराकरण की मांग की। जनसुनवाई के दौरान कुल 25 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें मुख्य रूप से पारिवारिक विवाद, संपत्ति संबंधी मामले, धोखाधड़ी एवं अन्य व्यक्तिगत शिकायतें शामिल थीं। पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक शिकायत को अत्यंत गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अनुविभागीय अधिकारी एवं थाना प्रभारियों को संबंधित प्रकरणों में तत्काल जांच कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।
जनसुनवाई का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र और प्रभावी समाधान करना है। पुलिस-जन संवाद को मजबूत बनाना, नागरिकों को समय पर न्याय दिलाना तथा पुलिस प्रशासन के प्रति जन-विश्वास को और अधिक सुदृढ़ करना पुलिस विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनसुनवाई कार्यक्रम प्रत्येक मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, नर्मदापुरम में नियमित रूप से आयोजित किया जाता है, जिसमें जिलेभर से आए नागरिक बिना किसी संकोच के अपनी समस्याओं को उच्च अधिकारियों के समक्ष रखकर उनका प्रत्यक्ष निराकरण प्राप्त कर सकते हैं।

