पोस्ट ऑफिस घाट पर डूब रही थी महिला सूचना पर पहुंची पुलिस
दयाराम फौजदार रिपोर्टर राज एक्सप्रेस नर्मदापुरम।
शहर के पोस्ट ऑफिस घाट पर सोमवार को डायल 112 पर एक सूचना प्राप्त हुई कि एक महिला पानी में डूब रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वहां देखा गया कि एक महिला पानी में पेट के बल अचेत अवस्था में है। डायल 112 में तैनात प्रधान आरक्षक 310 राकेश भिलाला थाना कोतवाली ने तत्परता दिखाते हुए महिला को सुरक्षित पानी से बाहर निकाला। महिला को बाहर निकालने के बाद उसे तत्काल प्राथमिक उपचार की आवश्यकता थी। मौके पर मौजूद अन्य लोगों द्वारा सहायता न मिल पाने की स्थिति में, उनि दीपिका लोखंडे को तुरंत बुलाया गया । उन्होंने अपनी सूझबूझ और व्यावसायिक कुशलता का परिचय देते हुए महिला को CPR (Cardiopulmonary Resuscitation) दिया, जिससे महिला की सांसें वापस लौटीं। इसके उपरांत, पुलिस टीम ने महिला को तुरंत उपचार हेतु जिला अस्पताल, नर्मदापुरम में भर्ती करवाया, जहां उसका उपचार जारी है। पीडिता महिला की पहचान श्रीमती कृष्ण रैकवार उम्र 45 वर्ष पत्नी श्री धर्मेंद्र रैकवार, निवासी कोठी बाजार, नर्मदापुरम के रूप में हुई है। पुलिस की इस त्वरित और जीवन रक्षक कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा द्वारा उनि दीपिका लोखंडे एवं प्रधान आरक्षक 310 राकेश भिलाला थाना कोतवाली को उनके साहसिक कार्य के लिए सम्मानित किया गया ।

