
नर्मदापुरम / सिवनी मालवा / मध्यप्रदेश सरकार की किसान विरोधी नीतियों के विरोध और ग्रीष्मकालीन मूंग की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर शत प्रतिशत खरीदी की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन मध्यप्रदेश द्वारा सिवनी मालवा तहसील मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन विगत पांच दिनों से जारी है। इसी तारतम्य में बीती रात शासन की सद्बुद्धि के लिए सुंदर काण्ड का पाठ किया गया था। आज भारतीय किसान यूनियन मध्यप्रदेश द्वारा मूंग की बोरी को दूल्हे की वेश भूषा में लेकर बारात निकाली गई और मध्यप्रदेश शासन की गलत नीतियों का विरोध किया गया। भाकियू के संभाग अध्यक्ष नरेंद्र सिंह राजपूत ने बताया कि मध्यप्रदेश की दोगली सरकार की किसानों के प्रति बेरूखी से अब किसानों का धैर्य टूट रहा है और किसान अपनी जायज मांगों को लेकर शीघ्र ही सड़क पर उतरने के लिए बाध्य हो रहा है। आज मूंग की बारात में भाकिय प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष पटवारे, संभाग अध्यक्ष नरेंद्र सिंह राजपूत, भाकियू के जिला अध्यक्ष राजेश जाट, संगठन मंत्री सुरेंद्र सिंह राजपूत, जिला उपाध्यक्ष संतोष वर्मा, तहसील अध्यक्ष हरिओम लौवंशी, तहसील उपाध्यक्ष राजकुमार पटेल, तहसील मंत्री शिवशंकर गौर, निर्मल सिंह राजपूत एवं कई ग्रामीण सहित अनेक किसान शामिल हुए।

