नर्मदापुरम / अखिल भारत हिंदू महासभा की जिला स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को नर्मदापुरम में एक निजी गार्डन में आयोजित की गई। बैठक में संगठन विस्तार को नई गति देते हुए कई पदाधिकारियों की नियुक्तियां की गईं तथा 21 नए सदस्यों ने हिंदू महासभा की सदस्यता ग्रहण कर संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए मध्यप्रदेश महामहामंत्री कन्हैया लाल रैकवार ने हिंदू महासभा के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि किस प्रकार स्वतंत्रता आंदोलन के क्रांतिकारियों ने इस संगठन की नींव को मजबूत किया तथा विनायक दामोदर सावरकर ने हिंदुत्व की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जिला अध्यक्ष उदय मसानिया ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने, सामाजिक एकता को मजबूत करने तथा भ्रष्टाचार और सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध जनजागरण अभियान चलाने का आह्वान किया। वहीं नगर अध्यक्ष जितेंद्र मालवीय ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन के विस्तार के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही समाज की आवाज को प्रभावी ढंग से उठा सकता है।
बैठक में संगठन विस्तार को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। विभिन्न पदों पर नई नियुक्तियां की गईं तथा सदस्यता अभियान के अंतर्गत 21 नए सदस्यों को संगठन से जोड़ा गया।
बैठक के दौरान हाल ही में राम मंदिर में हुई चोरी की घटना पर भी गंभीर चर्चा हुई। इस मामले में दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए निर्णय लिया गया कि आवश्यकता पड़ने पर अखिल भारत हिंदू महासभा, मध्यप्रदेश द्वारा चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। बैठक में मुख्य नवनियुक्ति की गई। जिसमें जितेंद्र मालवीय को जिला संगठन मंत्री, नितिन वस्त्रबार को जिला उपाध्यक, गौतम दास बैरागी नर्मदापुरम नगर अध्यक्ष, नरेंद्र मलैया को उपाध्यक्ष पद पर नियुक्त किया गया। इस अवसर पर महिला मोर्चा संभागीय अध्यक्ष प्रियंका रिछारिया, संभागीय राजनीतिक सलहाकार बालमुकुंद शास्त्री, जिला राजनीतिक सलाहकार जीतेश साहू, मनोज पुरोहित, चंदन सिंह कपूर, राजेश साहू, तरुण वस्त्रबार, वीर सिंह घुंघरेले, सतीश परेवा, मनीष मेहरा, अनिल, ब्रजेश, दीपक, अशीष एवं अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।
बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने तथा समाजहित के मुद्दों पर निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया।

