
नर्मदापुरम / सिवनी मालवा / मप्र जन अभियान परिषद द्वारा मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के अंतर्गत समाज कार्य की पढ़ाई कराई जाती है। इसके तहत दो वर्षीय स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम एमएसडब्ल्यू तथा तीन वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम बीएसडब्ल्यू की कक्षाओं का संचालन अध्ययन केंद्र शासकीय कुसुम महाविद्यालय में होता है। सत्र 2025-26 में अंतिम वर्ष का अध्ययन कर चुके विद्यार्थियों के लिए प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों द्वारा कार्यक्रम आयोजित कर विदाई दी। विदाई समारोह में रोचक खेल प्रतियोगिताएं, संगीत, नृत्य आदि गतिविधियां संपन्न हुई। विद्यार्थियों ने अपने अध्ययन, प्रायोगिक कार्य तथा सेवा से जुड़े कार्यों के अनुभव साझा किया। खेल प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत कर सभी को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। अध्ययन अवधि के दौरान सभी कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों में से श्रेष्ठ विद्यार्थी का चयन किया गया। जिसमें अक्षय दामड़े, सोनम हरियाले, पूजा भिलाला, सोनाली साध, शिवानी वर्मा को श्रेष्ठ विद्यार्थियों के रूप में सम्मानित किया गया। विकासखंड समन्वयक हरिदास दायमा तथा परामर्शदाताओं ने विद्यार्थियों की अध्ययन यात्रा की सराहना करते हुए उज्जवल भविष्य हेतु शुभकामनाएं दी। अपने उद्बोधन में कहा कि जीवन एक ऐसी यात्रा है जिसमें हमें हमेशा कुछ सीखने को मिलता है। एक समाज कार्यकर्ता के रूप में आप हमेशा सीखते रहें। समय के साथ चलें और अनुशासन में रहे। अपने व्यक्तित्व को निखारें एवं नित्य नई प्रगति करें।
इस दौरान परामर्शदाता ईश्वर विश्नोई, रघुवीर मालवीय, सेवनदास लौवंशी, आयोजक विद्यार्थियों में शानू लौवंशी, दीपक सोलंकी, श्रद्धा दामड़े, आशीष दामड़े, लवलेश यादव, सत्यम यादव, आशीष दिसोरिया, सीमा राजपूत व अन्य की प्रमुख भूमिका रही।

