नर्मदापुरम / नवरात्रि पर्व पर थाना क्षेत्र के विभिन्न जगहों पर मां दुर्गा की प्रतिमा दर्शन, गरबा, रामलीला, भजन संध्या इत्यादि के कार्यक्रम हो रहे हैं। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शहरी क्षेत्र के अलावा ग्रामीण क्षेत्र से आ रहे हैं। पुलिस प्रशासन के द्वारा यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पेट्रोलिंग एवं फिक्स पॉइंट के अलावा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात किया गया है। गरबा करके या मातारानी के दर्शन करके अकेले घर लौटने वाली युवतियां, महिलाएं जिनके परिजन ना हो या साधन न हो तो आपात स्थिति में यदि चाहे तो पुलिस की 112 नंबर सेवा का उपयोग कर सकती हैं। कॉल करने पर सोहागपुर पुलिस वाहन 112 उन्हें सुरक्षित घर तक छोड़ेगी। सोहागपुर पुलिस की सभी श्रद्धालुओं से यह भी अपील है कि मातारानी के दर्शन करने आने पर अपने घर को सूना न छोड़ें, घर में एक सदस्य आवश्यक रूप से उपस्थित रहे ऐसी व्यवस्था करें, छोटे बच्चों का विशेष ध्यान रखें उनकी जेब में घर का मोबाइल नंबर अथवा पता जरूर लिख कर डाल दें जिससे कोई घटना ना हो। यातायात अधिक रहता है तो दो पहिया, चार पहिया वाहन की अपेक्षा पैदल ही मातारानी के दर्शन के लिए घर से निकले।

