

नर्मदापुरम / विश्व हिन्दू परिषद-बजरंग दल, नगर समिति नर्मदापुरम द्वारा बजरंग दल सेवा सप्ताह (5 जुलाई से 12 जुलाई) के समापन अवसर पर रविवार को स्मार्ट क्यूरियोसिटी पब्लिक स्कूल मालाखेड़ी में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं दवा वितरण शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर सेठा मल्टीस्पेशलिस्ट हॉस्पिटल नर्मदापुरम के संचालक डॉ. अतुल सेठा के सहयोग से संपन्न हुआ।
शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने अपने स्वास्थ्य की जांच कराई। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया तथा निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया। इस सेवा कार्य का लाभ क्षेत्र के अनेक नागरिकों ने उठाया और विश्व हिन्दू परिषद-बजरंग दल के इस जनसेवा अभियान की सराहना की।
कार्यक्रम में जिला संयोजक नितिन मेषकर, जिला सह संयोजक प्रदीप दायमा, जिला गौरक्षा प्रमुख दिनेश किर, नगर उपाध्यक्ष प्रखर राज शर्मा, नगर मंत्री किशोर गौर, नगर सह मंत्री सुरेंद्र साहू, नगर सह संयोजक राहुल बड़कुर, बस्ती प्रमुख सतीश गोइया, विक्रम पासी, सचिन यादव एवं गजेंद्र केवट सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी चिकित्सकों की टीम का भगवा तुपट्टा एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया तथा उनके उत्कृष्ट सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर नगर सह मंत्री सुरेंद्र साहू ने कहा कि बजरंग दल का मूल ध्येय “सेवा, सुरक्षा और संस्कार” है। सेवा सप्ताह के माध्यम से संगठन ने समाज के प्रति अपनी सेवा भावना को साकार किया है। ऐसे जनहितकारी कार्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के साथ-साथ संगठन और समाज के बीच आत्मीय संबंधों को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि विश्व हिन्दू परिषद-बजरंग दल आगे भी समाजहित में सेवा कार्यों का निरंतर आयोजन करता रहेगा।
अंत में जिला संयोजक नितिन मेषकर ने सभी चिकित्सकों, सेठा मल्टीस्पेशलिस्ट हॉस्पिटल परिवार, उपस्थित नागरिकों एवं कार्यक्रम को सफल बनाने वाले सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज सेवा ही संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है।

