
नर्मदापुरम / नर्मदापुर युवा मंडल द्वारा प्रत्येक रविवार को आयोजित किए जाने वाले लोकप्रिय गीत-संगीत कार्यक्रम ‘सुरीला नर्मदापुरम’ के तहत इस रविवार भी नेहरू पार्क में सुरों की मनमोहक शाम सजी। इस सुरीले कार्यक्रम की शुरुआत में नर्मदापुर युवा मंडल अध्यक्ष अखिलेश खंडेलवाल ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलन व माल्यार्पण किया। कार्यक्रम में शहर के स्थानीय संगीत कलाकारों ने अपनी मधुर आवाज़ से नए और पुराने फिल्मी गीतों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत मधुर गीतों के साथ हुई और देर शाम तक संगीत का सिलसिला चलता रहा। मंच पर आए कलाकारों ने सदाबहार फिल्मी गीतों के साथ वर्तमान दौर के लोकप्रिय गीत भी प्रस्तुत किए, जिन पर श्रोताओं ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान नेहरू पार्क का वातावरण संगीत की स्वर लहरियों से सराबोर रहा और बड़ी संख्या में मौजूद संगीत प्रेमियों ने कार्यक्रम का आनंद लिया। संचालन मुकुंद मालवीय ने किया एवं आभार संगीता चौहान ने व्यक्त किया। कार्यक्रम से जुड़े मनीष परदेशी ने बताया कि ‘सुरीला नर्मदापुरम’ स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का एक सशक्त मंच प्रदान कर रहा है। इस आयोजन के माध्यम से नई और अनुभवी दोनों तरह की संगीत प्रतिभाओं को अपनी कला प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है। नर्मदापुर युवा मंडल का यह प्रयास शहर की सांस्कृतिक गतिविधियों को निरंतर बढ़ावा देने के साथ-साथ संगीत प्रेमियों को हर सप्ताह एक यादगार संध्या उपलब्ध करा रहा है। हर रविवार आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम अब शहर की पहचान बनता जा रहा है, जहां संगीत, संस्कृति और आत्मीयता का सुंदर संगम देखने को मिलता है।

