
सिवनी मालवा / विकासखंड के शासकीय हाई स्कूल नाहरकोला कला में उमंग स्कूल हेल्थ एंड वैलनेस कार्यक्रम के अंतर्गत एक दिवसीय स्वास्थ्य कार्यशाला का आयोजन हुआ। किशोर स्वास्थ्य एवं कल्याण के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में सिविल हॉस्पिटल सिवनी मालवा से राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रियंका मसराम, उमंग स्वास्थ्य केंद्र के परामर्शदाता ईश्वर विश्नोई ने विद्यार्थियों से स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण चर्चा की। परामर्शदाता ईश्वर विश्नोई ने किशोर अवस्था एवं इसके परिवर्तनों को समझाते हुए, राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम, उमंग स्वास्थ्य केंद्र की सेवाएं, मानसिक स्वास्थ्य, नशामुक्ति पर चर्चा की। किशोर स्वास्थ्य के कल्याण के लिए शासन द्वारा चलाई जा रहे विभिन्न सेवाओं जैसे जस्ट आस्क चैटबोट, टेली मानस हेल्पलाइन, मनहित एप्लीकेशन, उमंग हेल्पलाइन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। डॉ. प्रियंका मसराम ने एनीमिया, पोषण आहार, माहवारी स्वच्छता प्रबंधन, गुड टच-बेड टच, स्वास्थ्य एवं दिनचर्या प्रबंधन पर जानकारी प्रदान कर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। स्कूल के विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर व्यक्तिगत परामर्श दिया गया।
युवा समाजसेवी राजा तिवारी ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, शिक्षा के महत्व पर बच्चों को समझाइश दी और एक अच्छा इंसान बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में दो पौधे भी रोपित किए गए।
विद्यालय के प्राचार्य मनीत दुबे ने स्वास्थ्य कार्यशाला को विद्यार्थियों के कल्याण एवं व्यक्तित्व विकास हेतु सार्थक पहल बताया एवं सभी का आभार माना। इस दौरान ग्राम सरपंच रीना कुंवर सिंह, उमंग कार्यक्रम प्रभारी अलका खातरकर, विद्यालय के स्टाफ संतोष रघुवंशी, ज्योति भैंसारे, पुसामल बरखने, कुंती विश्वकर्मा, इंद्राणी चौहान, आकाश राठौर, सत्यनारायण व विद्यार्थी उपस्थित रहे।

