
नर्मदापुरम / मीनाक्षी चौक के साथ ही होमगार्ड आफिस के पास नाले, आईटीआई पंचवटी परिसर, कालिका नगर आदि स्थानों के नालों की साफ सफाई का शुक्रवार को विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान भारी मात्रा में कचरा निकाला गया।
स्वच्छता निरीक्षक अनुराग तिवारी ने बताया कि नपाध्यक्ष नीतू यादव एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी वैभव देशमुख के निर्देशन में समूचे नगर में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है।
शुक्रवार को कालिका नगर, आईटीआई, पंचवटी परिसर, मीनाक्षी चौक के पास स्थित सभी नालों की सफाई कर भारी मात्रा में प्लास्टिक पालिथिन, कचरा एवं बोरियों में बंद कचरा निकाला गया। जहां जेसीबी नहीं पहुंच पा रही थी वहां पर स्वच्छतादूतों के माध्यम से कचरा निकाला गया। यह स्वच्छता अभियान लगातार चलता रहेगा। पर्यवेक्षक संजय लुटारे ने बताया कि पंचवटी परिसर में जल भराव की समस्या उत्पन्न हो गई थी। वहां जल निकासी सुचारू कराई गई।
नागरिकों से अपील अभियान में सहयोग दें…..
नपाध्यक्ष नीतू यादव एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी वैभव देशमुख द्वारा नगर के नागरिकों से आग्रह किया गया है कि सड़क पर, नाले नालियों में किसी भी प्रकार का कचरा न फैंकें, इससे नाले नालियां चोक होती हैं और जल भराव का कारण बनती है। कचरा वाहन आने पर कचरा उसी में डालें। बारिश के मौसम को ध्यान में रखते नगर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है जिसमें समस्त नागरिकगण, व्यापारीगण सहयोग करें।

