
सिवनी मालवा / सिविल अस्पताल सिवनी मालवा में अनुविभागीय अधिकारी विजय राय की अध्यक्षता में रोगी कल्याण समिति की कार्यकारिणी बैठक आयोजित की गई, जिसमें ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (BMO) डॉ. कांति बाथम, समाजसेवी संतोष पारीक समेत विभिन्न विभागीय अधिकारी और समिति के सदस्य मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक के दौरान अस्पताल प्रबंधन से जुड़े मुख्य पहलुओं जैसे स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में विभिन्न महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए तथा पूर्व की बैठकों में लिए गए निर्णयों के क्रियान्वयन की गहन समीक्षा की गई। इसके साथ ही, क्षेत्र के समस्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) और उप-स्वास्थ्य केंद्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुँचाने एवं उन्हें सुदृढ़ बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई। सिविल अस्पताल सिवनी मालवा के अंतर्गत एक्स-रे मशीन के सुचारू संचालन और उसके उचित प्रबंधन के साथ-साथ एम्बुलेंस की पुख्ता व उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के विशेष निर्णय लिए गए। अस्पताल में आने वाले मरीजों और परिजनों की सुविधा के लिए अस्पताल परिसर, पैथोलॉजी लैब एवं अन्य आवश्यक स्थलों पर उचित शेड (Shade) निर्माण तथा बैठने के लिए बेहतर बेंच व बैठक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए, साथ ही मातृ-शिशु वार्ड एवं अस्पताल की अन्य आंतरिक व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ व सुविधायुक्त बनाने के संबंध में गंभीर चर्चा की गई। अस्पताल में दवाओं की व्यवस्था सुचारू बनी रहे, स्थानीय स्तर पर नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराई जा सके इस हेतु पर्याप्त विचार विमर्श किया गया। लगभग 2 घंटे चली बैठक के पश्चात सभी समिति सदस्यों द्वारा अस्पताल का संपूर्ण दौरा कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। बैठक के अंत में, वर्तमान वर्षा ऋतु को देखते हुए मलेरिया, डेंगू, उल्टी-दस्त और सांप के काटने (स्नेक बाइट) जैसी आपात कालीन घटनाओं से बचाव और उनके प्रति आम जनता में व्यापक जन-जागरूकता फैलाने के लिए स्वास्थ्य विभाग को प्रचार-प्रसार की गतिविधियों को युद्ध स्तर पर और अधिक से अधिक बढ़ाने के निर्देश दिए गए ताकि समय पर मरीजों का उपचार और बचाव सुनिश्चित किया जा सके। वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए वर्तमान में सिविल अस्पताल सिवनी मालवा में पर्याप्त संख्या में एंटी वेनम उपलब्ध है। इस आशय का पर्याप्त प्रचार प्रसार भी संपूर्ण क्षेत्र में कराए जाने हेतु विभाग को निर्देशित किया गया।

