
नर्मदापुरम / सिवनी मालवा / जिला कार्यक्रम अधिकारी के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग, परियोजना सिवनी मालवा के सेक्टर क्रमांक-1 अंतर्गत वार्ड क्रमांक-3 में मिशन शक्ति के तहत संचालित ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत ‘एक पेड़ बेटी के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और बालिकाओं के सम्मान का संदेश देते हुए वृक्षारोपण किया गया।कार्यक्रम में एसडीएम विजय राय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर कुपोषित बच्चों की जानकारी प्राप्त की तथा केंद्र में मौजूद बच्चों को टॉफियां वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।प्रभारी परियोजना अधिकारी सुचित्रा राजावत ने उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना का उद्देश्य बालिकाओं की जन्म दर में सुधार, उनकी सुरक्षा एवं शिक्षा को बढ़ावा देना है। उन्होंने सभी महिलाओं से अपने घरों में ‘एक पेड़ बेटी के नाम’ लगाने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।कार्यक्रम के अंत में पर्यवेक्षक आसमा खान ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित महिलाओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती संतोषी ठाकुर, सहायिका श्रीमती अरुणा, वार्ड की महिलाएं एवं बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।

