


नर्मदापुरम / सिवनी मालवा / ग्रीष्म कालीन मूंग की 100 प्रतिशत खरीदी की मांग को लेकर गुरुवार को भारतीय किसान यूनियन के नेतृत्व में सिवनी मालवा में सैकड़ों किसानों ने विशाल ट्रैक्टर रैली निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया। तवा कॉलोनी से शुरू हुई रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए तहसील कार्यालय पहुंची, जहां किसानों ने सरकार की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकालकर अपनी नाराजगी जताई।तहसील कार्यालय के मुख्य द्वार पर किसानों ने धरना दिया। इस दौरान किसान नेताओं ने सरकार पर किसान विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा केवल 25 प्रतिशत मूंग खरीदी का निर्णय किसानों के हितों के खिलाफ है। उन्होंने ग्रीष्मकालीन मूंग की शत-प्रतिशत खरीदी सुनिश्चित करने की मांग की।प्रदर्शन के बाद भारतीय किसान यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन एसडीएम विजय राय को सौंपा। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि नर्मदापुरम जिले सहित प्रदेश के कई जिलों के किसानों ने भीषण गर्मी में मेहनत कर मूंग की फसल तैयार की है, लेकिन सरकार द्वारा सीमित खरीदी का निर्णय किसानों को आर्थिक नुकसान पहुंचाएगा।किसानों ने खाद वितरण व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी व्यक्त की। उनका कहना था कि ई-विकास प्रणाली और ई-टोकन व्यवस्था के कारण किसानों को समय पर डीएपी और यूरिया उपलब्ध नहीं हो पा रही है। उन्होंने छत्तीसगढ़ की तर्ज पर मध्य प्रदेश में भी ई-टोकन व्यवस्था तत्काल समाप्त करने की मांग की।प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ट्रैक्टरों के साथ किसान शामिल हुए। पूरे कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन और पुलिस बल तैनात रहा।
किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया तो किसान अपने ट्रैक्टर तहसील परिसर में खड़े कर उनकी चाबियां प्रशासन को सौंप देंगे और इसके बाद पैदल भोपाल कूच करेंगे। किसानों ने स्पष्ट किया कि आंदोलन आगे और तेज किया जाएगा।

