स्कूल बस में कमी दिखे तो यातायात पुलिस को दिन सूचना
दयाराम फौजदार रिपोर्टर राज एक्सप्रेस नर्मदापुरम।
स्कूली बच्चों की सुरक्षित एवं निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 8 जुलाई से 17 जुलाई तक विशेष स्कूल बस चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक श्री साईंकृष्णा एस. थोटा के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के नेतृत्व में यह अभियान जिले के समस्त थाना क्षेत्रों एवं यातायात पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से संचालित किया जाएगा। इस दौरान बसों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र , आपातकालीन द्वार , प्राथमिक उपचार पेटी, अग्निशमन यंत्र , स्पीड गवर्नर, सीसीटीवी, जीपीएस, चालक का वैध ड्राइविंग लाइसेंस एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों का परीक्षण किया जाएगा। साथ ही सर्वोच्च न्यायालय एवं शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। अभियान के दौरान ओवरलोडिंग, तेज गति, नशे की अवस्था में वाहन संचालन, मोबाइल फोन का उपयोग, यातायात नियमों के उल्लंघन तथा अन्य सुरक्षा संबंधी कमियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर मोटरयान अधिनियम के अंतर्गत विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने समस्त विद्यालय संचालकों, बस संचालकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूर्णतः पालन करें। साथ ही अभिभावकों से भी आग्रह किया गया है कि यदि उन्हें किसी स्कूल बस में सुरक्षा संबंधी कमी दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय थाना अथवा यातायात पुलिस को दें।

