

नर्मदापुरम / पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार एवं राज्य स्तरीय SAFE CLICK–2.0 साइबर जागरूकता अभियान के अंतर्गत आज नर्मदापुरम जिले में एक समृद्ध एवं बहुपक्षीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नागरिकों, विद्यार्थियों और पुलिसकर्मियों के बीच साइबर सुरक्षा का महत्व स्थापित करना तथा डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूकता फैलाना था। कार्यक्रम दो भागों में सम्पन्न हुआ — स्कूल स्तर पर जागरूकता सत्र और सार्वजनिक मैराथन “Click Smart, Stay Safe Walk”।
शाला स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम….
स्थान: सर्वाइट हायर सेकण्डरी स्कूल, नर्मदापुरम….
सहभागिता: लगभग 800 विद्यार्थी….
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस नर्मदापुरम जीतेन्द्र पाठक ने सर्वाइट हायर सेकण्डरी स्कूल नर्मदापुरम पहुंचकर विद्यार्थियों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार, साइबर फ्रॉड की पहचान तथा साइबर अपराधों से बचने के उपायों पर विस्तृत जानकारी दी। विद्यार्थियों को मोबाइल, इंटरनेट और सोशल मीडिया का उत्तरदायी उपयोग करने के निर्देश दिए गए तथा किसी भी अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक या APK फाइल पर क्लिक न करने, OTP/UPI PIN/बैंक संबंधी जानकारी किसी से साझा न करने जैसे व्यावहारिक सावधानियों पर जोर दिया गया। कार्यक्रम के दौरान लगभग 800 विद्यार्थियों ने ‘सायबर शपथ’ लेकर डिजिटल स्पेस के सुरक्षित निर्माण का संकल्प लिया।
“Click Smart, Stay Safe Walk” मैराथन…
स्थान: पुलिस लाइन ग्राउंड, नर्मदापुरम….
सहभागिता: लगभग 700–800 प्रतिभागी (पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, विभिन्न स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थी, खेल प्रशिक्षक)….
पुलिस लाइन ग्राउंड से शुरू हुई “Click Smart, Stay Safe Walk” मैराथन में पुलिस विभाग, शैक्षिक संस्थान और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर साइबर सुरक्षा संदेश को जन-जन तक पहुँचाने में योगदान दिया। मैराथन के माध्यम से सार्वजनिक स्थानों पर होर्डिंग्स, बैनर और स्वयंसेवकों द्वारा साइबर सुरक्षा के सरल निर्देश (जैसे मजबूत पासवर्ड का उपयोग, टू-स्टेप वेरिफिकेशन को सक्षम रखना, संदिग्ध संदेशों की रिपोर्ट करना) साझा किए गए। इस पहल का उद्देश्य सामान्य नागरिकों के बीच साइबर सुरक्षा के बुनियादी नियमों को आम बनाना था ताकि सामुदायिक सतर्कता में वृद्धि हो सके।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन द्वारा उपस्थित विद्यार्थियों के बताया कि “डिजिटल युग में सतर्कता ही सबसे बड़ी सुरक्षा है। छोटी-सी लापरवाही भी बड़े साइबर अपराध का कारण बन सकती है, इसलिए प्रत्येक नागरिक को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहना आवश्यक है।”
उन्होंने निम्नलिखित प्रमुख सावधानियों पर विशेष जोर दिया:
किसी भी अनजान कॉल, लिंक या APK फाइल पर कभी क्लिक न करें।
OTP, UPI PIN और बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। बैंक कभी फोन पर ऐसी संवेदनशील जानकारी नहीं मांगते।
सोशल मीडिया पर टू-स्टेप वेरिफिकेशन (Two-Factor Authentication) अवश्य सक्रिय रखें।
पासवर्ड मजबूत बनाएँ और नियमित रूप से बदलें; एक जैसे पासवर्डों का कई जगह उपयोग न करें।
संदिग्ध गतिविधि मिलने पर तुरन्त नजदीकी थाना या साइबर सेल को सूचित करें।
कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस नर्मदापुरम जीतेन्द्र पाठक, रक्षित निरीक्षक नर्मदापुरम श्रीमति स्नेहा चंदेल, थाना प्रभारी देहात निरी. उषा मरावी, प्रभारी सायबर सेल उनि प्रवीण मालवीय, सूबेदार सूरज जमरा एवं साइबर सेल के सदस्य उपस्थित रहे ।

