
नर्मदापुरम / वार्ड 26 के रहवासियों द्वारा बताया गया कि वार्ड में तैनात पम्प ऑपरेटर द्वारा व्यक्तिगत लाभ लेने हेतु वार्ड में कई जगह अवैध नल कनेक्शन करवाए गए हैं जिसकी सूचना स्थानीय लोगों द्वारा वार्ड के जलप्रदाय शाखा प्रभारी आसिफ खान को दी गई थी, किन्तु उनके द्वारा कोई कार्यवाही नहीं की गई। जिसके फलस्वरूप लोगों के घरों में नलों से गंदा, मटमैला तथा बदबूदार पानी आ रहा है वहीं नलों में पानी का प्रेशर भी अत्यधिक कम है, जिससे वार्ड में गंभीर जल संकट का सामना लोगों को करना पड़ रहा है।
गौरतलब है कि वार्ड में तैनात पम्प ऑपरेटर की वजह से यहां के लोगों को समय पर पानी नहीं मिल पाता है वहीं नलों में से दूषित पानी आने के कारण यहां के लोगों में पेट की बीमारियां तथा गंभीर चर्मरोग होने सहित इंदौर के भागीरथपुरा जैसी जानलेवा घटना होने की संभावना बनी हुई है।
वार्ड के निवासी अजय शर्मा द्वारा बताया गया कि उक्त प्रकरण की शिकायत कई बार व्यक्तिगत रूप से नगर पालिका सहित सीएम हेल्पलाइन में भी की गई किन्तु शिकायातों पर कोई कार्यवाही नहीं की गई। अपितु शिकायतों को बिना निराकरण किए जलप्रदाय प्रभारी आसिफ खान द्वारा बंद करवा दिया जाता है।

