
नर्मदापुरम / मध्यप्रदेश शासन के स्कूली शिक्षा विभाग की महत्वाकांक्षी निःशुल्क साइकिल वितरण योजना के अंतर्गत शासकीय एकीकृत कन्या माध्यमिक शाला, सांगाखेड़ा कला में कक्षा 6वीं की छात्राओं को शासन द्वारा प्रदत्त 6 साइकिलों का वितरण गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय परिसर उत्साह, उल्लास एवं छात्राओं की मुस्कान से सराबोर दिखाई दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। समारोह में सरपंच प्रतिनिधि रामसिंह ध्रुवे, पूर्व सरपंच कृष्णा नायर, वरिष्ठ समाजसेवी दिनेश तिवारी, दीपक तिवारी, सतीश पटेल तथा हेमंत तिवारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं पालकगण उपस्थित रहे।
अतिथियों ने छात्राओं को साइकिलें प्रदान करते हुए कहा कि शासन की यह योजना बालिका शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे छात्राओं की विद्यालय तक पहुँच सुगम होगी, नियमित उपस्थिति बढ़ेगी तथा उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

