भारी संख्या में पहुंचे किसान, बोले सरकार किसानों पर नहीं दे रही ध्यान
दयाराम फौजदार रिपोर्टर राज एक्सप्रेस नर्मदापुरम।
शहर में सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित पीपल चौक पर सरकार की किसान विरोधी नीतियों को लेकर भारतीय किसान संघ के तत्वाधान में अनिश्चितकालीन चरणबद्ध धरना प्रदर्शन की शुरुआत हुई। इस दौरान भारतीय किसान संघ के पदाधिकारी सहित कार्यकर्ता और भारी संख्या में किसान इकट्ठा हुए । किसानों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसानों का कहना है कि मूंग की सौ फीसदी खरीदी जब तक नहीं होगी हम यहां से नहीं हटेंगे। लगातार यह धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। किसानों ने कहा कि सरकार की खाद को लेकर ई टोकन व्यवस्था बंद की जाए। हमने गर्मी और दोपहर में मूंग का उत्पादन किया लेकिन दाम नहीं मिल रहा है जिससे आर्थिक हानि उठानी पड़ रही है। उनका कहना है कि किसानों को पर्याप्त मात्रा में बिजली पानी उपलब्ध नहीं होता। सभी वर्ग के लोगों को फायदा मिलता है लेकिन सरकार किसान की ओर ध्यान नहीं देती। अब यहां भजन कीर्तन और सद्बुद्धि यज्ञ भी होगा। भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष ओंकार सिंह राजपूत का कहना है कि बैठक का प्रमुख उद्देश्य वर्तमान में प्रदेश एवं केंद्र सरकार द्वारा समर्थन मूल्य मूंग खरीदी में किसान विरोधी निर्णय पारित करने को लेकर है। किसानों से प्रति एकड़ 1 कुंटल 20 किलो मूंग समर्थन मूल्य पर सरकार द्वारा खरीदी जा रही है इसको लेकर किसानों में भारी आक्रोश है। यदि सरकार संपूर्ण उपज को समर्थन मूल्य पर नहीं खरीदती है तो प्रत्येक किसान को कम से कम प्रति एकड़ 10 हजार का घाटा होगा। धरना प्रदर्शन में किसानों का पहुंचने का सिलसिला जारी है।

