

नर्मदापुरम / इंडियन मेडिकल एसोसिएशन शाखा नर्मदापुरम एवं जिला रेडक्रास सोसायटी, लायंस क्लब के तत्वाधान में डॉ. विधान चन्द्र राय की जयंती एवं पुण्य तिथि 1 जुलाई राष्ट्रीय चिकित्सा दिवस के अवसर पर सेठा कैंसर हॉस्पिटल में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा शामिल हुए। इस अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविर का अवलोकन करते हुए उन्होंने रक्तदाताओं से चर्चा की और उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि रक्तदान एक महादान है, जो मानव जीवन बचाने का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने रक्तदान शिविर में पहुंचे सभी रक्तदाताओं को बधाई एवं धन्यवाद देते हुए कहा कि वे मानवता की सेवा के इस पुण्य कार्य में अपनी महत्वपूर्ण सहभागिता निभा रहे हैं।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि भारतीय परंपरा में रक्तदान को सर्वोच्च दान की श्रेणी में रखा गया है। यह ऐसा दान है, जिससे किसी जरूरतमंद को नया जीवन मिल सकता है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान शिविरों में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि राष्ट्रीय चिकित्सा दिवस जैसे विशेष अवसरों के साथ-साथ वर्षभर रक्तदान के प्रति जागरूकता बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि रक्तदान करने से पहले चिकित्सकों से आवश्यक परामर्श अवश्य लेना चाहिए, ताकि रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों का निराकरण हो सके। प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को अपने जीवन में नियमित रूप से रक्तदान की परंपरा अपनानी चाहिए।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने शिविर में रक्तदान कर रहे लोगों से आत्मीय चर्चा की तथा इस उत्कृष्ट एवं प्रेरणादायी कार्य के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर श्रीमती नीता कोरी, अस्पताल के संस्थापक डॉ. अतुल सेठा सहित अन्य चिकित्सक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

