
नर्मदापुरम / भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में प्रति सप्ताह आयोजित होने वाले जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत बुधवार को राज्यसभा सांसद माया नारोलिया ने आमजन से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने पेयजल, सड़क, बिजली, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, स्वास्थ्य तथा अन्य जनहित से जुड़े मामलों को सांसद के समक्ष रखा।
राज्यसभा सांसद माया नारोलिया ने एक-एक आवेदक की बात गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनी तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद माया नारोलिया ने कहा कि “भारतीय जनता पार्टी की सरकार का मूल उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। जनसुनवाई केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जनता से सीधे जुड़ने और उनकी समस्याओं का समाधान कराने का प्रभावी माध्यम है। प्रत्येक नागरिक की समस्या हमारे लिए महत्वपूर्ण है और उसका निराकरण हमारी प्राथमिकता है। केंद्र एवं प्रदेश सरकार जनहित को सर्वोच्च मानकर कार्य कर रही है और किसी भी जरूरतमंद को निराश नहीं होने दिया जाएगा।”
उन्होंने आगे कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व केवल विकास कार्य कराना ही नहीं, बल्कि लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान सुनिश्चित करना भी है। भाजपा संगठन लगातार सेवा, सुशासन और जनकल्याण की भावना के साथ कार्य कर रहा है तथा जनता का विश्वास ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है।
जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में आमजन, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन सांसद को सौंपे। सांसद ने सभी आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए। वहीं सांसद ने अपनी निधि से नर्मदापुरम नगर के वार्ड 2 की शिव भजन मंडली को भजन सामग्री भेंट की। इस दौरान मंडली के सदस्य निशिका कांसकार, शोभना कांसकार उपस्थित रहें।

