

नर्मदापुरम / सिवनी मालवा / सिविल अस्पताल के दंत चिकित्सा विभाग द्वारा सीएम राइज स्कूल में निःशुल्क दंत एवं मौखिक स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने विद्यार्थियों के दांतों और मुंह की जांच कर उन्हें स्वस्थ रहने के गुर सिखाए।
दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. धरा राजनेगी, डॉ. शुभम गुर्जर एवं डॉ. गौरव पांडे ने बच्चों को सही तरीके से ब्रश करने, दांतों की देखभाल और मौखिक स्वच्छता का महत्व समझाया। डॉक्टरों ने विद्यार्थियों को तंबाकू-गुटखा जैसे नशे से दूर रहने के लिए भी जागरूक किया।
उमंग स्वास्थ्य केंद्र के परामर्शदाता ईश्वर विश्नोई ने किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक-मानसिक बदलावों पर खुलकर चर्चा की और विद्यार्थियों की शंकाओं का समाधान किया।
कार्यक्रम प्राचार्य सुनील यादव के मार्गदर्शन में हुआ। इस दौरान उमंग प्रभारी निधि पगारे, डॉ. कविता कुरवाड़े, बृजमोहन साहू, सपोर्टिंग स्टाफ आनंद कुशवाह सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

