पेंशन की मांगी थी जानकारी
दयाराम फौजदार रिपोर्टर राज एक्सप्रेस नर्मदापुरम।
शहर में इन दिनों साइबर फ्रॉड के मामले बढ़ रहे हैं। इसको लेकर पुलिस विभिन्न अभियान चला कर लोगों को जागरुक कर रही है लेकिन इसके बाद भी घटनाएं नहीं रुक रही हैं । 24 जून को इच्छा पूर्ति मंदिर के सामने हनुमान नगर रसूलिया निवासी ओमप्रकाश रघुवंशी जो अस्पताल से रिटायर्ड हैं उनसे पेंशन कार्ड बनवाने का लालच देकर 2 लाख 82 हजार की ठगी कर ली। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है । पुलिस के अनुसार ओम प्रकाश रघुवंशी अस्पताल से रिटायर्ड है और एक अज्ञात नंबर से उनके पास पेंशन कार्ड बनाने को लेकर फोन आता है और वह फोन पर सारी जानकारी आधार कार्ड , पेंशन नंबर उपलब्ध करा देते हैं। इसके बाद उनके खाते से राशि निकाल ली। गौरतलब है कि इसके पहले भी बीमा पॉलिसी का डाटा लीक करने की बात को लेकर एसबीआई के सिक्योरिटी गार्ड से 1 लाख 7 हजार की ठगी हो गई थी। ठग ने बीमा पॉलिसी से जुड़ी जानकारी के आधार पर उनका फोन किया और फिर ओटीपी सहित सभी जानकारी हासिल कर ली और खाते से रकम निकाल ली थी।

