पैसों को लेकर चल रहा था दोनों में विवाद
अस्पताल में इलाज के दौरान थोड़ा दम, पुलिस जांच में जुटी
दयाराम फौजदार रिपोर्टर राज एक्सप्रेस नर्मदापुरम।
कोतवाली थाना अंतर्गत मालाखेड़ी रोड स्थित लाइफ स्टाइल कॉलोनी के समीप एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां मामूली विवाद के बाद एक व्यक्ति ने अपनी ही लिव-इन पार्टनर पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। मृतका की पहचान 38 वर्षीय आशा यादव पति मांगीलाल यादव के रूप में हुई है, जो आरोपी गणपत चौरे के साथ एक किराए के मकान में रह रही थी। आरोपी नंद विहार कॉलोनी के पास काम करता था। महिला अपने इस दूसरे पति पार्टनर के साथ लिव-इन में रहती थी, जबकि उसका पहला पति भी अभी यहीं है और वह कहीं प्राइवेट मजदूरी करता है।
हत्या की मुख्य वजह जमीन की बड़ी रकम और बैंक खाते का विवाद
पुलिस जांच और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस खूनी संघर्ष की मुख्य वजह भारी वित्तीय लेनदेन से जुड़ी है। मृतका आशा यादव की कोई जमीन थी, जिसे बेचने पर उनके पास खेती के अच्छे-खासे पैसे आए थे। आशा ने यह बड़ी रकम अपने लिव-इन पार्टनर गणपत के खाते में जमा न कराते हुए, पास ही में किराना दुकान चलाने वाले एक व्यक्ति गोलू साहू के बैंक खाते में ट्रांसफर करवा दी थी। इसी बात को लेकर गणपत और आशा के बीच गहरा विवाद चल रहा था। गणपत का कहना था कि जमीन का पैसा उसके खाते में क्यों नहीं डलवाया गया और गोलू साहू के खाते में क्यों भेजा गया। घटना के वक्त भी इसी बात को लेकर दोनों में तीखी बहस हुई, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। पुलिस अब गोलू साहू के खाते में पैसे डलवाने के इस बिंदु को जांच का मुख्य विषय मानकर आगे बढ़ रही है। विवाद के बाद ताबड़तोड़ वार, 28 घंटे बाद तोड़ा दम
कोतवाली थाना प्रभारी गौरव सिंह बुंदेला ने बताया कि यह वारदात मंगलवार की दोपहर करीब 3:30 बजे नंद विहार क्षेत्र में हुई। बहस के दौरान गुस्साए गणपत चौरे ने आशा के पेट और गर्दन के निचले हिस्से पर चाकू से कई ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से जख्मी महिला की चीख-पुकार सुनकर दौड़ीं कुछ स्थानीय बच्चियों ने तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। शुरुआती इलाज के दौरान पीड़िता ने जो बयान दिए, उसके आधार पर पुलिस ने तत्काल गणपत चौरे के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर लिया था।
मददगार न होने से नहीं मिल सका बड़ा इलाज अस्पताल के डॉक्टर उदित भट्ट के अनुसार, जब महिला को लाया गया तब उसके शरीर पर चाकू के तीन गहरे निशान थे और अत्यधिक खून बह चुका था। महिला की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तत्काल भोपाल रेफर करने की सलाह दी थी। परंतु, अस्पताल में महिला के साथ कोई भी अटेंडर या मददगार मौजूद नहीं होने के कारण उसे भोपाल नहीं ले जाया जा सका और स्थानीय जिला अस्पताल के आईसीयू में ही भर्ती रखना पड़ा। लगभग 28 घंटे तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद आखिरकार गुरुवार की रात उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया।
मकान पर लटका मिला ताला, पड़ोसी भी अचानक गायब
महिला की मौत की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम साक्ष्य जुटाने के लिए लाइफ स्टाइल कॉलोनी स्थित उनके किराए के घर पहुँची। वहाँ मुख्य दरवाजे पर ताला जड़ा हुआ मिला। जांच में एक और संदिग्ध बात सामने आई है कि वारदात के अगले ही दिन दोपहर में, पड़ोस के कमरे में रहने वाली एक अन्य महिला किराएदार भी अपना कमरा खाली करके अचानक कहीं चली गई। पुलिस ने आस-पड़ोस के लोगों से इस संबंध में पूछताछ कर जानकारी जुटाई है कि क्या उसका भी इस घटना से कोई जुड़ाव था। आरोपी और परिजनों की तलाश जारी वारदात को अंजाम देने के बाद से ही मुख्य आरोपी लिव-इन पार्टनर गणपत चौरे मौके से फरार है। पुलिस गुरुवार रात से ही उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। इसके साथ ही, पुलिस मृतका आशा यादव के मूल निवास स्थान का पता लगाने और उसके परिजनों को खोजने का प्रयास भी कर रही है, ताकि उन्हें इस घटना की पूरी जानकारी देकर शव सौंपा जा सके।

