विशेषज्ञों ने दी स्वास्थ्य संबंधी सलाह
दयाराम फौजदार रिपोर्टर राज एक्सप्रेस नर्मदापुरम ।
शहर में प्रकाश आई एंड मल्टी-स्पेशियलिटी क्लिनिक द्वारा सामाजिक सरोकार एवं सेवा भावना के तहत सीनियर सिटीजन एवं पेंशनरों के लिए निशुल्क नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों का परीक्षण कर उन्हें उचित परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया। शिविर में कुल 35 मरीजों का नेत्र परीक्षण एवं सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के दौरान मरीजों की आंखों से संबंधित समस्याओं की पहचान कर उन्हें आवश्यक उपचार एवं सावधानियों की जानकारी दी गई। वहीं स्वास्थ्य परीक्षण के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों की सामान्य स्वास्थ्य स्थिति का भी मूल्यांकन किया गया।
शिविर में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. नितिका तोमर द्वारा 16 मरीजों के रेटिना की विशेष जांच की गई। जांच के दौरान मरीजों को आंखों की बीमारियों के प्रति जागरूक करते हुए समय-समय पर नेत्र परीक्षण कराने की सलाह दी गई। इसके अलावा आर. के. वर्मा द्वारा मरीजों की दृष्टि जांच कर उनके चश्मे के नंबर निर्धारित किए गए, जिससे उन्हें बेहतर दृष्टि संबंधी सुविधा मिल सके। वहीं एम.डी. मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. सुयश भदौरिया ने शिविर में उपस्थित डायबिटीज एवं अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से ग्रसित मरीजों का परीक्षण कर उन्हें उचित परामर्श एवं उपचार प्रदान किया। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, समय पर दवा सेवन तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।
इस सेवा कार्य को सफल बनाने में भारत विकास परिषद के सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। परिषद के सदस्य डी. एस. दांगी, वंदना शर्मा, अमर ज्योति भदौरिया, चन्द्रशेखर शर्मा, दुर्गा भदौरिया, अनुपम शर्मा, नलिनी पटेल, भरत भदौरिया, पप्पू भदौरिया, नीना तोमर, गायत्री अग्रवाल, रामेश्वर सिसोदिया एवं रामाधार यादव ने अपनी सक्रिय सहभागिता निभाई और शिविर के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की। इसके साथ ही प्रकाश आई एंड मल्टी-स्पेशियलिटी क्लिनिक के स्टाफ सदस्य अवधेश सिंह राजपूत, प्रेम, निधि, शिवानी गौर एवं परवीन कुरैशी का भी विशेष सहयोग रहा। स्टाफ ने पंजीयन से लेकर मरीजों की जांच एवं व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित कर शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

