

नर्मदापुरम / नर्मदा घाटी की प्राचीन सभ्यता, समृद्ध संस्कृति और लोक-जीवन के गहन दर्शन व अध्ययन हेतु ‘नर्मदा दर्शन यात्रा’ पर निकले राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग (NHRC) के माननीय सदस्य प्रियंक कानूनगो का नर्मदापुरम आगमन हुआ। इस पावन प्रवास के दौरान वे राज्यसभा सांसद माया नारोलिया के स्थानीय निवास पहुंचे, जहाँ उनका अत्यंत आत्मीय और गरिमामयी स्वागत किया गया।
सांसद माया नारोलिया ने सनातनी परंपरा के अनुसार प्रियंक कानूनगो का तिलक लगाकर, शाल-श्रीफल भेंट कर और स्मृतिचिन्ह प्रदान कर अभिनंदन किया। इस शिष्टाचार भेंट के दौरान नर्मदांचल की सांस्कृतिक विरासत, पर्यावरण संरक्षण और क्षेत्र के विकास जैसे विभिन्न समसामयिक विषयों पर सकारात्मक विचार-विमर्श भी हुआ।
सांसद नारोलिया ने श्री कानूनगो की इस यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि माँ नर्मदा की गोद में पनपी सभ्यता अत्यंत प्राचीन और जीवंत है। इस यात्रा के माध्यम से यहाँ की संस्कृति के कई अनछुए पहलू देश के सामने आएंगे। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि श्री कानूनगो जिस पवित्र भाव और जनकल्याणकारी उद्देश्य के साथ इस यात्रा पर निकले हैं, उसमें उन्हें पूर्ण सफलता प्राप्त हो। सांसद ने संपूर्ण यात्रा की निर्विघ्नता और सुगमता हेतु अपनी आत्मीय शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
भेंट के समापन पर राज्यसभा सांसद माया नारोलिया ने प्रियंक कानूनगो से विशेष आग्रह किया कि ‘नर्मदा दर्शन यात्रा’ के सफलतापूर्वक संपन्न होने के उपरांत वे पुनः माँ नर्मदा की इस पावन धरा नर्मदापुरम पर अवश्य पधारें, ताकि यात्रा के अनुभवों और निष्कर्षों पर आगे भी सार्थक संवाद हो सके। इस अवसर पर जिलामहामंत्री मुकेश मैना, पूर्व मंडल अध्यक्ष विकास नारोलिया, सचिन तोमर, योगेंद्र सोलंकी, मनीष परदेशी, सुंदरम अग्रवाल, अमित नायक, जय चौहान, नीरज चतुर्वेदी सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और सामाजिक कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

