
इटारसी / आज विश्व साइकिल दिवस है एवं 03 जून 2018 को आधिकारिक रूप से पहला विश्व साइकिल दिवस मनाया गया था। डेली लाइफ में साइकिल के इस्तेमाल को बढ़ावा देने और इसको लोकप्रिय बनाने के लिए विश्वभर में बाइसिकल डे मनाया जाता है। शहर इटारसी में भी कुछ ऐसे नागरिक मौजूद हैं जो प्रतिदिन साइकिल चलाकर स्वास्थ्य लाभ लेने के साथ साथ पर्यावरण संरक्षण का कार्य भी कर रहे हैं। वैश्विक ऊर्जा संकट के इस दौर में साइकिल सबसे मजबूत साधन नजर आता है जिसे चलाने के लिए किसी प्रकार का ईंधन नहीं लगता बल्कि यह कैलोरी बर्न करने का अच्छा विकल्प भी है।
आस्था और फिटनेस का मंत्र….
इटारसी निवासी 38 वर्षीय सौरभ दुबे पिछले 56 हफ्तों से हर मंगलवार साइकिल से जाकर कीरतपुर स्थित 11 मुखी हनुमान जी के दर्शन करने जाते हैं। वे बताते हैं कि आने जाने में उन्हें कुल 26 किलोमीटर साइकिल चलानी पड़ती है इसके अलावा रोज़ भी वे अलग अलग रास्तों पर साइकिल करने जाते हैं जिससे उनका 15 किलो वजन कम हो चुका है और स्वास्थ्य लाभ हुआ है। वे साइकिल से सलकनपुर, तिलक सिंदूर, नर्मदापुरम, आंवली घाट आदि स्थानों तक जा चुके हैं।
70 की उम्र में भी साइकिल का जुनून…..
इटारसी के ही 71 वर्षीय नागरिक किशन चंदवानी प्रतिदिन साइकिल से 30 किलोमीटर यात्रा करते हैं। उनका साइकिल के प्रति जुनून इतना ज्यादा है कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चा बच्चा उनको साइकिल बाबा के नाम से जानता है। वे साइकिल से चलते समय छोटे से स्पीकर पर गाने बजाते हुए जाते हैं जिससे बच्चों की भीड़ उन्हें देखने एकत्रित हो जाती है।
साइकिल चलाकर गांव से रोज आते हैं इटारसी….
ग्राम भीलाखेड़ी के शिक्षक बृजमोहन सिंह सोलंकी पिछले 35 वर्षों से प्रतिदिन साइकिल से इटारसी आना जाना करते हैं और लगभग 15 किलोमीटर साइकिल चलाते हैं। उनका कहना है कि मोटर बाइक प्रति किलोमीटर 46 ग्राम कार्बन उत्सर्जन करती है जबकि कार 153 ग्राम प्रति किलोमीटर कार्बन उत्सर्जन करती है, इसकी तुलना में साइकिल इकोफ्रेंडली है। इससे स्वास्थ्य लाभ बोनस में मिलता है।
82 की उम्र में भी रैलियों में लेते हैं भाग…
रिटायर्ड शिक्षक 82 वर्षीय रामवल्लभ गुप्त योगाचार्य हैं एवं नियमित साइकिल चलाते हैं वे अनेकों साइक्लोथान में भाग ले चुके हैं और ई साइकिल पसंद करते हैं। गुप्त जी कहते हैं कि इस उम्र में भी फिट रहने के पीछे साइकिल का बहुत बड़ा योगदान है। साइकिल से स्वास्थ्य लाभ तो होता है पर्यावरण भी सुधरता है।
साइकिल चलाने के हैं ये लाभ…
विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार प्रतिदिन 30 मिनट साइकिल चलाने से हृदय रोग का खतरा 50 प्रतिशत तक कम हो जाता है। साइकिल चलाने से मानसिक शांति मिलती है। वजन नियंत्रण होता है। शुगर और खराब कोलेस्ट्राल कम करने में मदद मिलती है। प्रदूषण नहीं होता और ट्रेफिक की समस्या में कमी आती है।

