

नर्मदापुरम / गुरुवार को कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने शहर के एकता चौक पहुंचकर सड़क रेस्टोरेशन कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने एकता चौक से मोरछली चौक तक पैदल भ्रमण कर सड़क रेस्टोरेशन कार्यों की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मोरछली चौक पर चल रहे सीवरेज कार्य को शीघ्र गति से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर पालिका सीएमओ को अतिक्रमण हटाने एवं पार्किंग व्यवस्था सुव्यवस्थित करने के निर्देश देते हुए कहा कि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहनी चाहिए। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बारिश प्रारंभ होने से पूर्व सभी रेस्टोरेशन कार्य पूर्ण किए जाएं।
इसके पश्चात कलेक्टर श्री मिश्रा ने पर्यटन घाट पहुंचकर नर्मदा लोक के लिए किए जा रहे निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया। निर्माण कार्य बंद पाए जाने पर उन्होंने नगर पालिका सीएमओ से कारण पूछा तथा निर्देश दिए कि निर्माण कार्य सतत रूप से जारी रखा जाए एवं नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार का अनावश्यक अंतराल नहीं होना चाहिए। कलेक्टर ने घाट क्षेत्र में घूम रहे आवारा पशुओं को हाका दल के माध्यम से उचित गौशालाओं में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। साथ ही घाट की साफ-सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट देवेंद्र प्रताप सिंह, एसडीएम जय सोलंकी, नगर पालिका सीएमओ श्रीमती हेमेश्वरी पटले सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

