
इटारसी / जयस्तंभ चौक में गुरुवार को अखिल भारत हिंदू महासभा द्वारा महान क्रांतिकारी वीर विनायक दामोदर सावरकर की जयंती बड़े ही उत्साह, श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन एवं वीर सावरकर के चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर की गई। इसके पश्चात शहर में लड्डू एवं मिठाई वितरित कर खुशियां मनाई गईं।
कार्यक्रम में उपस्थित हिन्दू महासभा प्रदेश महामंत्री कन्हैयालाल रैकवार ने वीर सावरकर के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र, समाज और हिंदुत्व के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने बताया कि वीर सावरकर अखिल भारत हिंदू महासभा के पांच बार राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे और देशभक्ति, त्याग एवं क्रांतिकारी विचारों के प्रतीक थे।
जिला अध्यक्ष उदय मसानिया ने अपने संबोधन में कहा कि वीर सावरकर ने समाज सेवा, राष्ट्रहित और हिंदुत्व के लिए जीवनभर संघर्ष किया तथा युवाओं को राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि ऐसे महान क्रांतिकारी को देश सदैव याद रखेगा।
कार्यक्रम के दौरान “वीर सावरकर अमर रहें” एवं “भारत माता की जय” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। इस अवसर पर महिला मोर्चा संभागी अध्यक्ष प्रियंका रिछारिया, नगर उपाध्यक्ष मनोज भाट, नगर उपाध्यक्ष अनिल मेहरा, महिला मोर्चा नगर अध्यक्ष नीतू रामरिया, साकेत से महामंत्री रेखा सोलंकी, धर्मेंद्र प्रजापति, पंकज, अनुराग कुचबंदिया, उदय कुचबंदिया एवं अखिल भारत हिंदू महासभा के अनेक कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

