

नर्मदापुरम / ऑर्डिनेंस फैक्ट्री के पास स्थित चांदोंन गांव में मुख्य मार्ग पर खोली गई शराब दुकान के विरोध में महिलाओं का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को एक दर्जन से अधिक महिलाएं और बच्चियां अपनी समस्या लेकर सामाजिक कार्यकर्ता एवं कांग्रेस सेवा दल यंग ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष गजानंद तिवारी ‘गज्जू’ के निवास पहुंचीं और न्याय की मांग की। महिलाओं का आरोप है कि गांव के मुख्य रास्ते पर शराब दुकान खोले जाने से उनकी सुरक्षा और सम्मान पर खतरा बढ़ गया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कई बार प्रशासन को ज्ञापन और आवेदन दिए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उल्टा ठेकेदार और संबंधित लोगों द्वारा उन्हें डराने-धमकाने और झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी जा रही है। महिलाओं ने बताया कि वे अपने बच्चों और गांव के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए आवाज उठा रही हैं, लेकिन उन्हें ही प्रताड़ित किया जा रहा है। उनके अनुसार, “प्रशासन हमारी सुनवाई नहीं कर रहा और ठेकेदार खुलेआम कह रहा है कि ‘जहां शिकायत करनी है कर लो, प्रशासन हमारा है’।” इस मुद्दे को लेकर महिला कांग्रेस के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। धरना किंग गजानंद तिवारी के साथ गांव वालों सहित संगठन के प्रमुख पदाधिकारी भी मौजूद रहे और जहां शासन प्रशासन और दारू के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और रोड पर ही धरने पर सभी लोग बैठ गए धरना लगभग सायं 5:00 बजे से चालू हुआ और लगभग रात को 10:00 बजे तक चला। तब
धरने के दौरान तहसीलदार और पथरोटा थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर महिलाओं को आश्वासन दिया कि संबंधित शराब दुकान को नोटिस जारी कर हटाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। गजानंद तिवारी ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही दुकान को मुख्य मार्ग से नहीं हटाया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। उन्होंने कहा कि “यह लड़ाई अब सिर्फ ज्ञापन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि सड़क से लेकर सदन तक लड़ी जाएगी।”
महिला कांग्रेस ने भी स्पष्ट किया कि वह गांव की महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। प्रदर्शन में महिलाओं की एकजुटता और टीम वर्क ने न्याय की उम्मीद को और मजबूत किया है। इस अवसर पर महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुश्री नेहा चावरे, पूर्व महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सीमा भदौरिया, सेवादल यंग ब्रिगेड प्रदेश अध्यक्ष गजानन तिवारी, सेवादल जिला अध्यक्ष अमित गुप्ता, कांग्रेस रामपुर उप ब्लाक अध्यक्ष राकेश मालवी, सेवादल नगर अध्यक्ष दिलीप गोस्वामी (पार्षद), सेवा दल जिला महासचिव संजय धर, सेवादल रामपुर उप ब्लाक अध्यक्ष रंजीत, यंग ब्रिगेड रामपुर उप ब्लाक अध्यक्ष उत्कर्ष गालर, कांग्रेस अनुशासन समिति पूर्व अध्यक्ष रामनारायण गौर, वरिष्ठ कांग्रेसी सी पी मालवी, अल्पसंख्यक नगर अध्यक्ष इरफान गोलंदाज के जज्बे को सलाम जिन्होंने हमारे साथ साथ गांव वालों के लिए साथ डटे रहे। महिला कांग्रेस के द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन में टीम वर्क ने जगाई महिलाओं के मन में न्याय की उम्मीद। बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस की निडर महिलाएं डटी रही।

