

सिवनी मालवा / नर्मदा तट बाबरी घाट पर आगामी 6 अप्रैल से 15 अप्रैल तक विराट 1111 कुंडात्मक गोपुष्टि महायज्ञ का भव्य एवं दिव्य आयोजन होगा। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। ग्राम बाबरी में आयोजित होने वाले इस महायज्ञ में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के दूर-दराज से पहुँचने की संभावना है श्रद्धालु यहाँ पहुँचकर धर्म लाभ अर्जित करेंगे। आयोजन समिति के अनुसार पिछले लगभग एक माह से जोर-शोर से चल रही तैयारियाँ अब अपने अंतिम चरण में हैं। यज्ञ मंडप, कुंड व्यवस्था, पंडाल, पेयजल, भोजन-प्रसादी, स्वच्छता और सुरक्षा समेत श्रद्धालुओं के ठहरने की विशेष व्यवस्थाएँ की गई हैं। आयोजन के संबंध में जानकारी देते हुए महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 बाल योगी बालक दास महाराज ने बताया कि ग्रामवासियों एवं क्षेत्रवासियों के सहयोग से यह विशाल धार्मिक आयोजन सम्पन्न कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगमता को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक इंतज़ाम पूरे किए जा रहे हैं। इस महायज्ञ में बड़े जनप्रतिनिधियों एवं मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है, जिससे आयोजन की गरिमा और बढ़ेगी। समिति और प्रशासन के द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारी जोरों से की जा रही है यहां दूर-दूर से प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु आएंगे।

