

नर्मदापुरम / मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित मेंस सीनियर महाराजा यशवंतराव ट्रॉफी पर नर्मदापुरम संभाग ने पुनः अपना दबदबा कायम रख विजयश्री प्राप्त की है। पॉइंट्स टेबल के आधार पर शीर्ष स्थान की टीम इंदौर और नर्मदापुरम के मध्य प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला इंदौर के डेली कॉलेज ग्राउंड पर खेला गया। नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट संघ सचिव प्रदीप तोमर के अनुसार नर्मदापुरम टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी कर महज 174 रन बना कर ऑल आउट हो गई। जिसमें सर्वाधिक यश दुबे 55 रन बनाए। इंदौर की ओर से सारांश सुराना ने 5 विकेट और आकाश राजावत ने 4 विकेट हासिल किए।जवाब में इंदौर की पूरी टीम ने 255 रन बनाकर ऑल आउट हुई। सारांश सुराना 57 रन, सचिन जांगिड़ 46 रन और ऋषभ चौहान 35 रन का योगदान दिया जिसके कारण इंदौर ने 81 रनों की बढ़त पहली पारी में हासिल कर ली थी लेकिन नर्मदापुरम टीम के बल्लेबाजों ने दूसरी पारी में यश दुबे और हिमांशु शिंदे के बीच पांचवें विकेट के लिए हुई शानदार 261 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी ने विशाल स्कोर खड़ा कर मैच का रुख बदल दिया। नर्मदापुरम के यश दुबे ने 242 रन और हिमांशु शिंदे 119 रन बनाकर आउट हुए। दूसरी पारी में नर्मदापुरम की टीम ने 491 रन बनाकर पारी घोषित की और पहली पारी में 81 रनों को कम कर 410 रनों का लक्ष्य इंदौर को दिया। विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए इंदौर की पूरी टीम नर्मदापुरम के गेंदबाजों के सामने टिक न पाई और 254 रनों पर आउट हो गई और नर्मदापुरम ने मैच 156 रनों के अंतर से जीत कर पुनः ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया है।नर्मदापुरम टीम की तरफ से आर्यन देशमुख ने 3 विकेट, ऋत्विक दीवान और हिमांशु शिंदे को 2-2 विकेट एवं पुलकित गिरी को 1 विकेट हासिल हुआ। पुरस्कार वितरण समारोह मध्य प्रदेश क्रिकेट संगठन के सचिव सुधीर आसनानी, डेली कालेज के बर्सर हर्षवर्धन सिंह, मध्य प्रदेश क्रिकेट के संगठन के कोषाध्यक्ष संजीव दुआ एवं मध्य प्रदेश क्रिकेट संगठन के मैनेजिंग कमेटी सदस्य अनुराग मिश्रा द्वारा किया गया!
विजेता टॉपी कप्तान राहुल चंद्रोल को एवं मैच में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर दोहरा शतक लगाने वाले यश दुबे को मेन ऑफ द मैच के पुरुस्कार से सम्मानित किया गया है। इस जीत पर एम पी सी ए मैनेजिंग कमेटी सदस्य अनुराग मिश्रा ने कहा कि हमें हमारी टीम पर पूर्ण विश्वास था सभी खिलाड़ी बहुत मेहनत के साथ अनुशासन में खेले हैं जिसके लिए टीम सहित कोच, मैनेजर एवं ट्रेनर को बहुत बधाई देता हूं ।
हमारे संभाग के लिए बहुत ही गौरव के क्षण है सभी खिलाड़ियों और कोच मैनेजर ट्रेनर को नर्मदापुरम संभाग की ओर से शुभकामनाएं और बधाई देता हूं।
प्रदीप तोमर, मानसेवी सचिव नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट संघ…..
प्रतियोगिता की शुरुआत से ही हमारी टीम अनुशासित होकर अच्छा क्रिकेट खेली है हमारी प्लानिंग के अनुसार खेल हुआ ।हमारे भरोसे पर हम खरे उतरे और एक बार फिर से चैंपियन बने।
सुनील शर्मा कोच….
हमारी टीम एकजूट होकर खेली है सभी खिलाड़ियों ने अपना सौ प्रतिशत परफॉर्मेंस दिया। मां नर्मदा की कृपा रही और हम पुनः ट्रॉफी जीतने में कामयाब हुए।
मनोहर बिल्थरिया मैनेजर…
नर्मदापुरम टीम की ऐतिहासिक जीत पर नर्मदापुरम संभाग में खुशी का माहौल है, नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट एसोसिएशन के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने टीम को ऐतिहासिक जीत पर बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की है।

