परीक्षा की गोपनीयता न हो भंग- संयुक्त संचालक श्री वर्मा
प्रश्नपत्रों के वितरण की मोबाइल एप से होगी ट्रैकिंग
दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम ।
हाई, हायर सेकेण्डरी परीक्षाओं की शुचिता, विश्वसनीयता तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर ने व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। सोमवार को एनएमवी कॉलेज के सभागार में केंद्र अध्यक्ष, सहायक केंद्र अध्यक्ष और कलेक्टर प्रतिनिधियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया जिसमें परीक्षा को सही ढंग से कराने और गोपनीयता भंग न हो इसको लेकर प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान संयुक्त संचालक लोक शिक्षण मनीष वर्मा , जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन, जिला शिक्षा अधिकारी एलएन प्रजापति सहित वरिष्ठ अधिकारी सहित केंद्र अध्यक्ष ,सहायक केंद्र अध्यक्ष और कलेक्टर प्रतिनिधि शामिल थे। प्रशिक्षण में संयुक्त संचालक श्री वर्मा ने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता भंग नहीं हो इसका ध्यान रखना है। सफलतापूर्वक बोर्ड के नियम अनुसार परीक्षा संचालित की जानी चाहिए। इसके लिए केंद्र अध्यक्ष, सहायक केंद्र अध्यक्ष और कलेक्टर प्रतिनिधियों को उन्होंने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल की एंट्री नहीं हो, पुलिस की पर्याप्त व्यवस्था हो, बच्चों की प्राथमिक उपचार की व्यवस्था हो, लाइट, शौचालय सुरक्षा सहित सभी सुविधाएं होना चाहिए। निश्चित समय पर परीक्षा सामग्री थाना से परीक्षा केंद्र तक पहुंचाना अनिवार्य है । वहीं उन्होंने कहा कि कलेक्टर प्रतिनिधि को सेल्फी लेना अनिवार्य है। इसके साथ ही निर्धारित समय पर बॉक्स खोलना उसकी चेकिंग करना और फिर प्रश्न पत्र बांटना सभी का ध्यान रखना चाहिए। प्रशिक्षण में बताया कि यदि कटी फटी कॉपी है तो उन्हें वापस किया जाए। वहीं परीक्षाएं टेबल कुर्सी पर होगी टाइट पट्टी पर नहीं । विद्यार्थी को एक ही दरवाजे से बाहर निकले , सभी कॉपियां चेक कर रखने के बाद बाहर निकाला जाए। इसके साथ ही सुबह 6 बजे थाने के बोर्ड के साथ सेल्फी लेकर बोर्ड को भिजवाएं । इसके साथ ही चेकिंग सहित अन्य बातों से भी केंद्र अध्यक्ष सहायक केंद्र अध्यक्ष और पटवारी प्रतिनिधि को अवगत कराया।
6 और 7 फरवरी को होगा सामग्री का वितरण
गोपनीय परीक्षा सामग्री का वितरण जिला स्तर पर जिला समन्वयक संस्था, शासकीय उत्कृष्ट उच्च माध्यमिक विद्यालय नर्मदापुरम में 6 एवं 7 फरवरी के मध्य किया जाएगा। इस कार्य के लिए जिला कलेक्टर के अधिकृत प्रतिनिधि के रूप में श्रीमती सरिता मालवीय, तहसीलदार को नियुक्त किया गया है। प्रश्नपत्रों के बॉक्स सुरक्षा व्यवस्था के तहत केन्द्राध्यक्षों को वितरित किए जाएंगे तथा उन्हें निकटतम थाना, चौकी में सुरक्षित रखवाना सुनिश्चित किया जाएगा। यह समस्त कार्यवाही जिला शिक्षा अधिकारी के मार्गदर्शन में संपन्न होगी। परीक्षाओं के सुचारु संचालन एवं नकल की प्रवृत्ति पर प्रभावी नियंत्रण हेतु पुलिस बल की विशेष ड्यूटी लगाई जाए। साथ ही, परीक्षा केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण, सामूहिक नकल की रोकथाम तथा परीक्षा में विघ्न उत्पन्न करने वाले आपराधिक तत्वों पर नियंत्रण के उद्देश्य से जिला स्तर पर उड़नदस्ता दल गठित किए गए हैं।

