

सिवनी मालवा /रिलाएबल सोशल वेलफेयर सोसायटी तथा मप्र जन अभियान परिषद के संयुक्त तत्वाधान में आज ग्राम बनाड़ा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। इसके साथ ही ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उचित परामर्श दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वक्ता बीएचआरसी ग्रुप के डायरेक्टर एवं रिलाएबल सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. विशाल सिंह बघेल ने आयुष्मान कार्ड के प्रयोग संबंधी जानकारी विस्तार से दी। आपने कहा कि समाज से नशे को उखाड़ फेंकना है तो ग्राम की महिला शक्ति को जागरुक होकर एकजुट होना होगा। नशा एक व्यक्ति का ही नुकसान नहीं करता बल्कि यह पूरे परिवार और समाज को बर्बाद कर देता है। अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनें और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराते रहें। सचिव डॉ पूनम सिंह राजपूत ने रिलाएबल सोसायटी द्वारा किए जा रहे कार्यों के बारे में बताया। साथ ही नियमित व्यायाम करने, सही खान-पान अपनाने व स्वास्थ्य की देखभाल करने की सलाह दी। जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक हरिदास दायमा ने जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण पर चर्चा की। आपने कहा कि हमें अपने जीवन के खास दिनों में पौधारोपण करना चाहिए। ग्राम के वरिष्ठ समाजसेवी अशोक पटेल ने जैविक खेती अपनाने, नरवाई ना जलाने के लिए प्रेरित किया।
नशामुक्ति जागरूकता पर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया के माध्यम से समाज में जागरूकता फैलाने वाले युवाओं को डॉ विशाल सिंह बघेल की ओर से नगद राशि से सम्मानित किया। इसमें भैरोपुर निवासी शिवानी लोवंशी ने प्रथम पुरस्कार ₹5000, चौतलाय निवासी सोनाली साध ने द्वितीय पुरस्कार ₹2500, अक्षय दामड़े ने तृतीय पुरस्कार ₹1100 जीते। अन्य सभी प्रतिभागियों को रिलाएबल सोसायटी की ओर से शील्ड व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में आए ग्रामीणों का ब्लड प्रेशर, शुगर व स्वास्थ्य संबंधी जांच करके स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा दवाओं का निःशुल्क वितरण भी किया गया। अंत में सभी ने पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति व जल संरक्षण की शपथ ली। इस अवसर पर बाबरी के सचिव रूपसिंह यदुवंशी, शिक्षक विजय लोवंशी, सहायक सचिव राजेश जाट बनाड़ा, सहायक सचिव देवेंद्र यदुवंशी बाबरी, समाजसेवी जयनारायण लोवंशी भैरोपुर, परामर्शदाता ईश्वर विश्नोई, नम्रता गौर, नवांकुर संस्था से राजेंद्र सिंह यदुवंशी, नगर समिति से राहुल बाथव, सीएमसीएलडीपी के विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नगर समिति के अध्यक्ष आदर्श सोनी ने किया।

