सीएसआर के तहत हुआ कार्यक्रम , किया वृक्षारोपण
दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।
भारतीय स्टेट बैंक ने सेठानी घाट पर कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी कार्यक्रम का आयोजन किया । कार्यक्रम में भोपाल वृत्त के मुख्य महाप्रबंधक प्रभास कुमार सुबुद्धि, महाप्रबंधक ऑडिट शुभकांत कानूनगो, महाप्रबंधक नेटवर्क-1 कुंदन ज्योति, उप महाप्रबंधक भोपाल अंचल साईंकृष्णा श्रीधर एवं क्षेत्रीय प्रबंधक राजेश कुमार के साथ अन्य बैंककर्मी उपस्थित रहे । सीएसआर के तहत घाट पर महिलाओं की सुविधा के लिए 2 चेंजिंग रूम लगवाए गए। साथ ही शासकीय कॉलेज एवं स्कूल के लिए 3 इंसीनरेटर, स्कूली छात्राओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए 1200 रीयूजेबल सेनेटरी पैड, सनखेड़ा एवं रसूलिया आंगनबाड़ी के रंग- रोगन छोटे-मोटे रिपेयरिंग के कार्य, शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल तवानगर इटारसी वाटर प्यूरीफायर सहित वाटर कूलर एवं वृक्षारोपण का कार्यक्रम भी किया गया । वृक्षारोपण का उद्देश्य पर्यावरण के प्रति जागरूकता एवं संवेदनशीलता बढ़ाना है ।
समाज के सहयोग से ही देश का सबसे बड़ा बैंकिंग संस्थान बना एसबीआई – सुबुद्धि
कार्यक्रम में मुख्य महाप्रबंधक प्रभाष कुमार सुबुद्धि ने कहा कि भारतीय स्टेट बैंक समाज के सहयोग से ही देश का सबसे बड़ा एवं सबसे बेहतर बैंकिंग संस्थान बना है। एसबीआई को हाल ही में अमेरिका के ग्लोबल फाइनेंस मैगजीन द्वारा भारत की सर्वश्रेष्ठ बैंक के नाम से पुरस्कृत किया गया है । सीएसआर कार्यक्रम समाज के प्रति एक धन्यवाद ज्ञापित करने का जरिया है । महाप्रबंधक कुंदन ज्योति ने कहा कि इस तरह के सीएसआर कार्यक्रम निरंतर रूप से किए जाते रहेंगे । गौरतलब है कि पूर्व में भी बैंक द्वारा कार्तिक अमावस्या के पर्व पर भी शहर के गोंदरी घाट पर अस्थाई चेंजिंग रूम का निर्माण श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किया गया था, जिसे लोगों द्वारा सराहा गया था।

