
नर्मदापुरम / शासकीय विधि महाविद्यालय के विधिक सहायता प्रकोष्ठ एवं राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के संयुक्त तत्वावधान में शासकीय ई.एफ.एस.एन.जी. उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नर्मदापुरम में एक दिवसीय विधिक सहायता शिविर का आयोजन प्राचार्य डॉ. कल्पना भारद्वाज एवं विभागाध्यक्ष शिवाकांत मौर्य के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य संदीप शुक्ला के उद्बोधन से हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों को कानून के प्रति जागरूक रहने, साइबर सुरक्षा, उपभोक्ता अधिकारों तथा सामाजिक उत्तरदायित्वों के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम की रूपरेखा आनंद सिंह द्वारा प्रस्तुत की गई। शिविर को चार सत्रों में विभाजित किया गया। प्रथम सत्र में कविता राजपूत ने साइबर अपराध एवं डिजिटल सुरक्षा विषय पर विस्तार से जानकारी दी। द्वितीय सत्र में जुगल किशोर ने यातायात नियमों की जानकारी देते हुए भारतीय संविधान की उद्देशिका का वाचन कराया। तृतीय सत्र में रोशनी नरवरिया ने उपभोक्ता संरक्षण अधिकार, उनके समाधान तथा जेंडर स्टीरियोटाइप विषय पर विद्यार्थियों को जागरूक किया। चतुर्थ सत्र में उत्तम गोलिया ने नवीन श्रम संहिताओं पर उपयोगी जानकारी साझा की। कार्यक्रम का सफल संचालन सचिन खरे एवं प्रिया चौहान द्वारा किया गया, जबकि अंत में कविता राजपूत ने आभार व्यक्त किया। शिविर में विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही और प्रश्नोत्तर सत्र के माध्यम से उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। आयोजकों ने ऐसे कार्यक्रमों को भविष्य में भी निरंतर आयोजित करने की बात कही।

