
नर्मदापुरम / महाकाल की नगरी उज्जैन स्थित विज्ञान केंद्र एवं तारामंडल में तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय सम्मेलन ‘लोकाभिव्यंजना’ का शुभारंभ केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री दुर्गादास उइके के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का रिकॉर्डेड संदेश प्रसारित किया गया। सम्मेलन में मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार एवं वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव श्रीराम तिवारी को मध्यप्रदेश में संग्रहालय निर्माण एवं कला संवर्धन में विशिष्ट योगदान के लिए भारतीय संग्रहालय संघ द्वारा विशिष्ट सेवा सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संदेश में कहा कि संग्रहालयों को केवल प्राचीन कलावस्तुओं के प्रदर्शन केंद्र तक सीमित रखने के बजाय जीवंत सांस्कृतिक परंपराओं और अनुभव यात्राओं से जोड़ना आवश्यक है। मध्यप्रदेश जनजातीय संग्रहालय ने इस दिशा में नई पहचान बनाई है। उन्होंने बताया कि नर्मदा अंचल की सनातन संस्कृति एवं जनजातीय परंपराओं पर केंद्रित उज्जैन में वीर भारत संग्रहालय का निर्माण किया जा रहा है, जिसे सिंहस्थ-2028 तक साकार करने का प्रयास है। बैतूल में आरण्यक संग्रहालय तथा विभिन्न जनजातीय अंचलों में जनजातीय देवलोक स्थापित करने का भी संकल्प है।
केंद्रीय राज्यमंत्री श्री दुर्गादास उइके ने कहा कि भारतीय सभ्यता के निर्माण में जनजातीय समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। प्रकृति केंद्रित आरण्यक संस्कृति के गुणात्मक पक्षों को भारतीय ज्ञान परंपरा में समाहित करने की आवश्यकता है। जनजातीय संस्कृति समन्वय, सह-अस्तित्व और प्रकृति के साथ सामंजस्य का संदेश देती है।
श्रीराम तिवारी ने कहा कि जनजातीय दृष्टिकोण एवं सहभागिता के बिना भारत की समृद्ध सभ्यता, संस्कृति और इतिहास के अनेक पहलुओं को समझना संभव नहीं है। नए युग के संग्रहालयों में प्रकृति और मानव समुदायों के जीवंत संबंधों, पारंपरिक तकनीकी ज्ञान, कौशल और जीवनोपयोगी अनुभवों को स्थान मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘लोकाभिव्यंजना’ से ‘लोकाभिराम’ तक की यात्रा तय करना हमारा लक्ष्य है।
दत्तोपंत ठेंगड़ी शोध संस्थान के निदेशक डॉ. मुकेश मिश्र ने कहा कि संग्रहालयों में पुरातात्विक धरोहरों के साथ जीवंत इतिहास, लोककला और सांस्कृतिक परंपराओं को भी स्थान मिलना चाहिए। वहीं भारतीय संग्रहालय संघ के अध्यक्ष प्रो. आनंद वर्धन ने प्रस्तावित ‘युगे-युगीन भारत’ संग्रहालय में आरण्यक संस्कृति को उचित स्थान देने तथा युवाओं को संग्रहालय विकास से जोड़ने पर जोर दिया।
सम्मेलन के प्रथम दिवस ‘भारत दृष्टि-भारत वैभव’ एवं ‘महाकवि कालिदास’ विषयों पर अकादमिक सत्र आयोजित हुए। प्रो. संजीव शर्मा एवं प्रो. बालकृष्ण शर्मा ने कालिदास के साहित्यिक योगदान पर विचार रखे। अंतरराष्ट्रीय विद्वानों लूसी गेस्ट, नायरा मर्कतचीन, मारिया सीमाशोवा, ओल्गा स्टारोस्तिना एवं पूर्व उच्चायुक्त मुकेश्वर चुन्नी ने भारतीय आध्यात्मिक दर्शन, नृत्य परंपरा, रूसी कला-संस्कृति और मॉरीशस में भारतीय सांस्कृतिक विरासत पर विचार साझा किए।
यह सम्मेलन मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग अंतर्गत वीर भारत न्यास, भारतीय संग्रहालय संघ एवं दत्तोपंत ठेंगड़ी शोध संस्थान, भोपाल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देश-विदेश के संग्रहालय विशेषज्ञ, कला संरक्षक एवं विद्वान सहभागिता कर रहे हैं।

